विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, CM आवास का करेंगे घेराव; 10 हजार समर्थकों के जुटने का दावा

Published: Tue, 08 Sep 2026 12:37 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें कानून-व्यवस्था, डीए और पुरानी पेंशन योजना जैसे मुद्दों को उठाया गया।

AAP सरकार के खिलाफ चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन।

AAP सरकार के खिलाफ चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन।

HighLights

  1. पंजाब कांग्रेस ने चंडीगढ़ में AAP सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया

  2. कानून-व्यवस्था, डीए, पुरानी पेंशन योजना जैसे मुद्दे उठाए गए

  3. सचिन पायलट के बाद पार्टी की एकजुटता की परीक्षा हुई

डा सुमित सिंह श्योराण चंडीगढ़। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ पंजाब कांग्रेस आज चंडीगढ़ में बड़ा रोष प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का चंडीगढ़ पहुंचना शुरू हो गया है।

सेक्टर-15 स्थित पंजाब कांग्रेस भवन के बाहर सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी है। कांग्रेस नेताओं की ओर से इस प्रदर्शन में करीब 10 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया गया है।

पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पंजाब कांग्रेस भवन से मुख्यमंत्री आवास की ओर रोष मार्च निकालेंगे।

कांग्रेस की ओर से प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने, पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने और कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी है।

WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.14.42 PM

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता पहुंचना शुरू हो गए हैं। डॉ. राजकुमार वेरका, युवा कांग्रेस नेता दलवीर सिंह गोल्डी समेत कई नेता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। वहीं, अब नजर इस बात पर भी है कि पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक इस प्रदर्शन में शामिल होते हैं या नहीं।

प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पंजाब कांग्रेस भवन और रोष मार्च के संभावित रास्ते पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग समेत अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।

WhatsApp Image 2026-09-08 at 12.14.41 PM

पायलट की नियुक्ति के बाद एकजुटता की परीक्षा

पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट की नियुक्ति के बाद यह प्रदर्शन पार्टी की एकजुटता के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। पिछले करीब दो महीनों से पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और हाईकमान की ओर से गठित चुनावी कमेटियों को लेकर अंदरूनी खींचतान और नेताओं के बीच मतभेद सामने आते रहे हैं। ऐसे में आज का प्रदर्शन यह संकेत देगा कि पार्टी के विभिन्न गुट सरकार के खिलाफ एक मंच पर कितनी मजबूती से खड़े होते हैं।

यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने राहुल-प्रियंका से की मुलाकात, चुनावी रणनीति पर मंथन