विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरे बेटे को भरे बाजार में मारा...', SSP के सामने छलका परविंदर झोटा के पिता का दर्द; घर से निकलने से पहले छूए थे मां के पैर

Published: Wed, 14 Oct 2026 08:25 AM (IST)

मानसा में नशा-विरोधी मुहिम चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की एक मेडिकल स्टोर पर लाइव वीडियो बनाते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई।

HighLights

  1. नशा-विरोधी परविंदर झोटा की मानसा में गोली मारकर हत्या

  2. मेडिकल स्टोर पर लाइव वीडियो बनाते समय हुई घटना

  3. आरोपी केमिस्ट अश्वनी राजस्थान से गिरफ्तार किया गया

डिजिटल डेस्क, मानसा। नशे की लत छोड़कर नशा-विरोधी मुहिम चला रहे परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार सुबह सवा नौ बजे कैमरे के सामने गोली मार कर हत्या कर दी गई। 45 वर्षीय परविंदर एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित नशे की गोली बेचे जाने की सूचना पर फेसबुक पर लाइव होकर मेडिकल स्टोर पहुंचे थे।

झोटा उस बुजुर्ग को भी साथ ले गए थे जिसने नशा खरीदा था। वह केमिस्ट अश्वनी से पूछते हैं कि इस बाबा को तूने नशा बेचा है। दुकानदार के साथ उनकी तीखी बहस होती है। वह केमिस्ट को फुटेज दिखाने व डीएसपी को फोन लगाने को कहते हैं।

इस पर उसने पिस्टल निकाल ली। झोटा साथियों को बुलाते हैं और कहते हैं कि चला गोली। सवा चार मिनट बहस के बाद केमिस्ट ने झोटा पर दो फायर झोंक दिए। वह बचाव के लिए 200 मीटर तक भागे, पर आरोपित ने पीछा कर एक और गोली मार दी। जानकारी के अनुसार, झोटा के अलावा चार अन्य लोगों को गोली लगी है, इनमें सिर्फ एक ही व्यक्ति झोटा का साथी था जो चकेरियां गांव का रहने वाला था। बाकी जो घायल हुए हैं, वह राहगीर ही थे।

पिता ने क्या बोला?

वहीं, रात को परमिंदर के परिवार को एसएसपी वैभव चौधरी ने मुलाकात की। इस बीच पिता ने कहा कि भरे बाजार में मेरे बेटे की गोलियां मारकर हत्या की गई, आपकी पुलिस कहां थी।

एसएसपी ने उनको प्रधान कहकर संबोधन किया तो उन्होंने कहा में कोई प्रधान नहीं मैं तो एक मारे हुए बेटे का पिता हूं। उन्होंने आरोप लगाए कि किस पुलिस अधिकारी के कहने पर मेरे बेटे की हत्या की गई। एसएसपी ने कहा कि जिस भी अधिकारी की इसमें इन्वॉल्वमेंट सामने आएगी, उसके खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

मां से कहा था रोटी बनाकर रखना, आकर खाऊंगा

झोटा की मां अमरजीत कौर की आंखों के सामने बार-बार बेटे के घर से निकलते समय कहे गए शब्द घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह कहता था कि कुछ लोग उसे मार देंगे, लेकिन फिर उसने नशे के खिलाफ अपनी आवाज बंद नहीं की। मां ने कहा कि घर से निकलते समय उसने पैर छुए और कहा कि रोटी बनाकर रखना, लौटकर खाना खाएगा।

यह भी पढ़ें- एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में पंजाब पुलिस को मिली बड़ी सफलता, राजस्थान के सालासर से शूटर गिरफ्तार