पंजाब कांग्रेस में नए युग की शुरुआत! परगट सिंह की ताजपोशी आज, पायलट की मौजूदगी में लेंगे चार्ज
परगट सिंह आज चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे, जिसमें सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। ...और पढ़ें
-1791692301741_m.webp)
राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष।
HighLights
परगट सिंह आज पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभालेंगे
सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता समारोह में मौजूद रहेंगे
2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी पर रहेगा मुख्य जोर
डॉ सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह रविवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। पदभार ग्रहण समारोह सुबह करीब 10:30 बजे शुरू होगा।
इससे पहले परगट सिंह ने खालसा पंथ की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब पहुंचकर अमृत वेले तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेका और पंजाब की खुशहाली, शांति, भाईचारे तथा सर्वजन के कल्याण के लिए अरदास की। इस दौरान उनकी पत्नी बरिंदर प्रीत कौर भी साथ रहीं।
परगट सिंह ने गुरु साहिब के समक्ष पंजाब की तरक्की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि पंजाब की सेवा करना और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रदेश में एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
https://t.co/75s6v57znd
— hema sharma nainwal (@Hemanainwal) October 11, 2026
सचिन पायलट सहित जुटेंगे वरिष्ठ नेता
पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह में पार्टी के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। सचिन पायलट ने शनिवार को ही इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी साझा की थी।

समारोह को लेकर पिछले दो दिनों से पंजाब कांग्रेस भवन में तैयारियां चल रही हैं। परगट सिंह स्वयं भी तैयारियों का जायजा लेते रहे हैं। पार्टी के कई अन्य नेता भी आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
गुटबाजी के बीच एकजुटता दिखाने की चुनौती
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच परगट सिंह के सामने सभी गुटों को साथ लेकर चलने की बड़ी चुनौती होगी। पार्टी ने राजा वड़िंग की जगह परगट सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में आज के समारोह में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और उनके बीच तालमेल पर भी नजर रहेगी।
-1791699000300.webp)
2027 के चुनाव की तैयारी पर रहेगा जोर
पदभार संभालने के साथ ही पंजाब कांग्रेस का ध्यान 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित होने की उम्मीद है। सचिन पायलट की मौजूदगी में चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और विभिन्न चुनाव समितियों की भूमिका पर भी चर्चा प्रस्तावित है। इन बैठकों के जरिए पार्टी आगे की रणनीति तय कर सकती है।
परगट सिंह ने स्पष्ट किया है कि वह सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पंजाब के हितों, लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करेंगे। अब उनके सामने संगठन में एकजुटता कायम करने और चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।
सचिन पायलट के पहुंचने का इंतजार
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट के भी समारोह में जल्द पहुंचने की जानकारी मिल रही है। उनके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। परगट सिंह के पदभार ग्रहण समारोह को पंजाब कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
