NCM चेयरमैन हरजीत ग्रेवाल पटियाला में मोहन जीत सिंह से करेंगे मुलाकात, पुलिस प्रताड़ना के आरोपों की होगी जांच
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हरजीत सिंह ग्रेवाल पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में मोहन जीत सिंह से मिलेंगे।
-1788842113931_m.webp)
पुलिस प्रताड़ना के शिकार मोहन जीत सिंह से मिलेंगे हरजीत सिंह ग्रेवाल।
HighLights
हरजीत ग्रेवाल पटियाला अस्पताल में मोहन जीत सिंह से मिलेंगे।
नशे के खिलाफ प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रताड़ना के आरोप।
धार्मिक पहचान से छेड़छाड़, बाल-दाढ़ी खींचने की शिकायत।
रमनजीत सिंह मणकू, चंडीगढ़। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हरजीत सिंह ग्रेवाल आज दोपहर 12 बजे राजिंदरा अस्पताल पटियाला पहुंचकर गांव शेरों, जिला संगरूर निवासी मोहन जीत सिंह से मुलाकात करेंगे, जिनका इस समय अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह दौरा मोहन जीत सिंह से संबंधित राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को प्राप्त शिकायत के संदर्भ में किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, 2 सितंबर को गांव शेरों, सुनाम में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान मोहन जीत सिंह ने राज्य में नशे के मुद्दे के विरोध में काला झंडा दिखाया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद उन्हें पुलिस हिरासत में लेकर शारीरिक हमला और प्रताड़ना की गई, जिसमें मारपीट, चोटें पहुंचाने और बिजली के झटके देने के आरोप शामिल हैं।
इसके अलावा, उनकी धार्मिक पहचान के साथ छेड़छाड़ करने तथा जबरन जूड़ा खोलने और बाल एवं दाढ़ी खींचने के आरोप भी लगाए गए हैं। हरजीत सिंह ग्रेवाल अस्पताल में मोहन जीत सिंह और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शिकायत में उठाए गए आरोपों और परिस्थितियों की जानकारी लेंगे।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने पंजाब सरकार के संबंधित अधिकारियों से मामले से जुड़ी सभी फाइलें, रिकॉर्ड, जांच दस्तावेज, मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य संबंधित सामग्री उपलब्ध रखने और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।
ताकि अध्यक्ष को मामले की वास्तविक स्थिति और की गई कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा सके। अस्पताल के दौरे के बाद हरजीत सिंह ग्रेवाल दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस पटियाला में प्रेस ब्रीफिंग करेंगे।
यह भी पढ़ें- पंजाब में BJP का चुनावी शंखनाद, PM मोदी, शाह और नितिन नवीन बढ़ाएंगे कार्यक्रम से सियासी हलचल
