मोहाली में साइकिल पर आया चोर, कमरे से चाबी उठाई और 3 लाख की नई बाइक लेकर हो गया फरार
मोहाली के बलौंगी में एक चोर साइकिल पर आया और किरायेदार के कमरे से चाबी उठाकर नई यामाहा एमटी-15 बाइक चुरा ले गया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई, ज ...और पढ़ें

यामाहा एमटी-15 बाइक हुई चोरी (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पास के मकान से हेलमेट भी साथ ले गया।
एक माह ही खरीदी थी यामाहा एमटी-15।
, पहली किश्त भी नहीं हुई थी अभी जमा।
जागरण संवाददाता, मोहाली। फिल्मी अंदाज में एक चोर ने बलौंगी थाना क्षेत्र में चोरी को अंजाम दिया। साइकिल पर आया एक युवक पहले बेखौफ होकर किरायेदार के कमरे में घुसा, वहां से बाइक की चाबी उठाई और कुछ देर बाद वापस लौटकर करीब तीन लाख रुपये कीमत की नई यामाहा एमटी-15 बाइक लेकर फरार हो गया। जाते-जाते उसने पास के एक मकान के बाहर रखा हेलमेट भी उठा लिया।
पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें आरोपित का चेहरा भी साफ दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अहम बात यह हैं कि चोर कमरे में घुस कर चाभी ले आया लेकिन किसी को पता नहीं चला।
इरफान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले चार माह से बलौंगी स्थित गबाला हाउस में किराये पर रह रहा है और फेज-5 स्थित एक निजी कंपनी में टेली काॅलिंग का काम करता है। करीब एक माह पहले उसने 50 हजार रुपये की डाउन पेमेंट देकर करीब तीन लाख रुपये कीमत की यामाहा एमटी-15 बाइक खरीदी थी।
बाइक की पहली मासिक किस्त चार अगस्त को जमा होनी थी, लेकिन उससे पहले ही चोर उसे ले उड़ा। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि चोर सबसे पहले साइकिल पर इलाके में पहुंचा और घर के बाहर साइकिल खड़ी कर दी। कमरे का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर चला गया और वहां रखी बाइक की चाबी उठाकर बाहर निकल आया।
खबरें और भी
कुछ मिनट बाद वह दोबारा लौटा और चाबी से आराम से बाइक का लाॅक खोल दिया। किसी को शक न हो, इसलिए उसने पहले बाइक को धक्का देकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया और वहां जाकर उसे स्टार्ट कर फरार हो गया। भागने से पहले उसने पास के एक मकान के बाहर रखा हेलमेट भी उठा लिया।
बिना किसी हिचक के दिया अंजाम
पूरी वारदात का तरीका देखकर आशंका जताई जा रही है कि आरोपित को घर और बाइक के बारे में पहले से जानकारी थी या फिर उसने पहले इलाके की रेकी की थी। जिस आत्मविश्वास के साथ वह सीधे कमरे में पहुंचा, चाबी उठाई और फिर बिना घबराहट बाइक लेकर निकल गया । पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है, जिसमें आरोपित की हर गतिविधि और उसका चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। इसके बावजूद अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है और न ही बाइक बरामद हुई है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपित की गिरफ्तारी और बाइक की बरामदगी की मांग की है। जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।