डंकी रूट से US गए युवक की मैक्सिको में मौत, 37 लाख रुपये देकर डंकी रूट से गया था अमेरिका; एजेंट गिरफ्तार
पांच महीने बाद अमेरिका के टेक्सास से समगोली के हरदीप सिंह का शव गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। उनकी मौत का कारण अज्ञात है। ...और पढ़ें

डेराबस्सी: मृतक युवक हरदीप सिंह की पुरानी तस्वीर। (बाएं)
HighLights
हरदीप सिंह का शव पांच महीने बाद टेक्सास से गांव पहुंचा।
अवैध रूप से अमेरिका जाने के दौरान हुई मौत, कारण अज्ञात।
आरोपी एजेंट नितिन सैनी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर।
जागरण संवाददााता, मोहाली। आखिरकार पांच महीने के लंबे इंतजार के बाद यूएस के टेक्सास से समगोली के 28 वर्षीय हरदीप सिंह की बॉडी गांव पहुंची। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि उसकी मौत की वजह का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है।
हरदीप सिंह करीब डेढ़ साल पहले डंकी के जरिए भारत से कोलंबिया, पनामा, मैक्सिको के जंगलों से होते हुए अमेरिका पहुंचा था। करीब आठ महीने उसने मैक्सिको में ही बीताए। अच्छा कमाने की उम्मीद में जहां परिवार कर्ज का शिकार बना, वहीं नौजवाना बेटा भी खो दिया।
37 लाख रुपये देकर गया था हरदीप
हरदीप का परिवार 37 लाख रुपये की ठगी का अलग शिकार हुआ। गांव के सरपंच जोगिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी एजेंट नितिन सैनी निवासी बरनाला और सुखविंदर सिंह सैनी निवासी भांखरपुर, डेराबस्सी के खिलाफ मामला दर्ज किया हुआ है। बहरहाल डेराबस्सी पुलिस ने आरोपी एजेंट नितिन सैनी वासी बरनाला को गिरफ्तार उसका 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।
वीडियो के कुछ दिन पहले मौत की खबर आई
बता दें कि हरदीप सिंह जुलाई 2024 में घर से निकला था। मरने से पहले हरदीप ने एक वीडियो भी भेजी थी जिसमें उसने रोते हुए सीएम भगवंत मान, एमएलए कुलजीत सिंह रंधावा और ज़िला पुलिस प्रमुख मोहाली से मदद व उक्त आरोपियों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की अपील की थी। वीडियो के कुछ दिन बाद ही उसकी मौत की खबर आ गई।

