Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दो बच्चियों समेत पांच बच्चे गायब; तीन दिन बाद भी सुराग नहीं, मोहाली के बेहड़ा गांव में दहशत का माहौल

    Updated: Tue, 09 Jun 2026 07:37 PM (GMT+05:30)

    डेराबस्सी के गांव बेहड़ा से पांच नाबालिग बच्चे तीन दिन पहले रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। पुलिस को हरियाणा में उनके देखे जाने की सूचना मिली ...और पढ़ें

    बच्चों के परिजन लगातार उनकी तलाश में पुलिस के साथ विभिन्न इलाकों में जा रहे हैं।

    बच्चों के परिजन लगातार उनकी तलाश में पुलिस के साथ विभिन्न इलाकों में जा रहे हैं।

    HighLights

    1. पांच बच्चे डेराबस्सी के गांव बेहड़ा से लापता।

    2. हरियाणा के जटवाड़ गांव में पुलिस को देख फरार हुए।

    3. पुलिस की विशेष टीम बच्चों की तलाश में जुटी।

    संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। डेराबस्सी के गांव बेहड़ा से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए पांच नाबालिग बच्चों का मामला लगातार उलझता जा रहा है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद बच्चों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

    जांच के दौरान बच्चों के हरियाणा के एक गांव में देखे जाने की सूचना मिली, लेकिन पुलिस और परिजनों को देखकर वे मौके से फरार हो गए। 6 जून की रात गांव बेहड़ा के चार अलग-अलग परिवारों के पांच नाबालिग बच्चे अचानक घरों से गायब हो गए थे। इनमें दो बच्चियां और तीन किशोर शामिल हैं।

    बच्चों के एक साथ गायब होने से पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चों में से एक किशोर अपने साथ मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी ले गया था। इसी आधार पर पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

    जांच के दौरान पुलिस टीम हरियाणा के गांव जटवाड़ पहुंची, जहां कुछ बच्चों को मोटरसाइकिल पर घूमते हुए देखा गया। लेकिन पुलिस और परिजनों को देखते ही वे वहां से निकल गए। पुलिस का मानना है कि शुरुआती जांच में अपहरण जैसी कोई बात सामने नहीं आई है और बच्चे संभवतः किसी नाराजगी या व्यक्तिगत कारण से घर छोड़कर गए हैं।

    फिर भी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित मोर ने बताया कि एएसआई मलकीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बच्चों की तलाश में लगातार जुटी हुई है। मोबाइल लोकेशन, रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है।पुलिस ने उम्मीद जताई है कि बच्चों को जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। वहीं, बच्चों के परिजन लगातार उनकी तलाश में पुलिस के साथ विभिन्न इलाकों में जा रहे हैं और जल्द से जल्द उनके सकुशल लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं।

    खबरें और भी