केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध, चंडीगढ़ में कांग्रेस का बवाल, बैरिकेडिंग तोड़ने पर पुलिस ने भांजी लाठियां, वॉटर कैनन चलाया
केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ यूथ कांग्रेस ने चंडीगढ़ में रोष मार्च निकाला। भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोका। ब ...और पढ़ें

बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करते यूथ कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता। फोटो-संजय घिल्डियाल
HighLights
चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय घेराव का प्रयास किया गया।
पुलिस और प्रदर्शकारियों के बीच धक्का-मुक्की।
पुलिस ने लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का प्रयोग किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। केंद्र सरकार की जनविरोधी, युवा-विरोधी और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ शनिवार को चंडीगढ़ में यूथ कांग्रेस ने रोष मार्च निकाला। भाजपा दफ्तर ‘कमलम’ का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की।
प्रदर्शकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे तो पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। वॉटर कैनन से पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। मार्च की अगुवाई पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की और यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक लुबाना ने की।
सड़कों पर उतरकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार रोष व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने देश के युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है, बेरोजगारी को चरम पर पहुंचा दिया है, महंगाई से आम जनता की कमर तोड़ दी है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कथित ‘यूएस डील’ को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इसमें देशहितों की पर्याप्त रक्षा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व नैतिक रूप से समझौता कर चुका है और सत्ता बचाने के लिए हर लोकतांत्रिक आवाज को कुचलने पर उतारू है।
जैसे ही प्रदर्शनकारी सेक्टर-35 से सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शकारियों और पुलिस के जवानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ी तो पुलिस ने लाठियां भांजी। वॉटर कैनन का प्रयोग किया गया। इससे कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता घायल हुए।