चंडीगढ़ में नैतिक हत्याकांड के आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़, ASI प्रदीप को लगी गोली; जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
नैतिक हत्याकांड के आरोपी मनमेहर ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें एएसआई प्रदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी।

मुठभेड़ के बाद जांच करती पुलिस (जागरण फोटो)
HighLights
नैतिक हत्याकांड के आरोपी मनमेहर ने पुलिस पर फायरिंग की।
एएसआई प्रदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगने से जान बची।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से आरोपी मनमेहर घायल।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-22 में नैतिक खंडेलवाल की हत्या के मामले में हथियार बरामदगी के लिए सेक्टर-50 के जंगलों में ले जाए गए आरोपित मनमेहर उर्फ मन ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने जंगल में छिपाई गई दूसरी पिस्तौल उठाकर पुलिसकर्मियों पर गोली चलाई। गोली एएसआइ प्रदीप की छाती पर पहनी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मनमेहर के दाएं पैर में लगी। घायल आरोपित को सेक्टर-32 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चंडीगढ़ ऑपरेशन सेल के डीएसपी रणजोत सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर सेखों की अगुवाई में पुलिस टीम दोनों आरोपितों अर्श मेहर और उसके भाई मनमेहर उर्फ मन को लेकर सेक्टर-50 के जंगल में पहुंची थी। पुलिस जांच के दौरान आरोपितों ने नैतिक की हत्या में इस्तेमाल हथियार जंगल में छिपाने की बात बताई थी। इसी सूचना के आधार पर हथियारों की बरामदगी की जा रही थी।
डीएसपी के मुताबिक, जंगल में छिपाई गई एक पिस्तौल अर्श ने पुलिस को बरामद करवा दी। पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। इसके बाद दूसरी पिस्तौल, जिसे मनमेहर ने छिपाया था, बरामद करने की कार्रवाई शुरू हुई। इसी दौरान मनमेहर ने पिस्तौल उठाकर पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। गोली एएसआइ प्रदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।
जवाबी फायरिंग में मनमेहर के पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की ओर से दो फायर किए गए, जबकि आरोपित की ओर से एक गोली चलाई गई। जवाबी फायरिंग में मनमेहर के दाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे उपचार के लिए सेक्टर-32 अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अब मामले में हथियारों की बरामदगी और फायरिंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस विभाग में कार्यरत है पिता
मनमेहर प्रीत सिंह का पिता पंजाब पुलिस के इंटेलिजेंस विभाग में कार्यरत बताया गया है। नैतिक हत्याकांड में मनमेहर और उसके भाई अर्श की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आए और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
