विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में दिन के दिन मिलेगा बिजली कनेक्शन, त्योहारी सीजन के चलते प्रशासन का बड़ा फैसला

Published: Thu, 08 Oct 2026 04:42 PM (GMT+05:30)

चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड ने त्योहारी सीजन और धार्मिक आयोजनों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया को ...और पढ़ें

24 घंटे के भीतर अस्थायी बिजली कनेक्शन जारी करने की सुविधा शुरू। (सांकेतिक फोटो)

24 घंटे के भीतर अस्थायी बिजली कनेक्शन जारी करने की सुविधा शुरू। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. अस्थायी बिजली कनेक्शन अब 24 घंटे के भीतर जारी होंगे।

  2. सीपीडीएल ने धार्मिक आयोजनों के लिए प्रक्रिया तेज की।

  3. ऑनलाइन आवेदन की सुविधा, सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। त्योहारी सीजन और धार्मिक आयोजनों के दौरान अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने वाले आयोजकों को अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) ने कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया को तेज कर दी है।

आवेदन मिलने के 24 घंटे के भीतर अस्थायी बिजली कनेक्शन जारी करने की सुविधा शुरू की है। निर्धारित शर्तें और दस्तावेज पूरे होने पर दोपहर 12 बजे तक जमा किए गए आवेदन पर उसी दिन कार्रवाई की जाएगी।

सीपीडीएल के इस फैसले से रामलीला, धार्मिक कार्यक्रम, मेले और अन्य त्योहारी आयोजनों के आयोजकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इन आयोजनों के दौरान पंडाल, मंच, रोशनी, साउंड सिस्टम और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन की जरूरत होती है। त्योहारों के दौरान ऐसे आवेदनों की संख्या बढ़ जाती है, इसलिए समय पर बिजली कनेक्शन मिलना आयोजकों के लिए महत्वपूर्ण होता है।

आवेदकों की सुविधा के लिए सीपीडीएल ने ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई है। आयोजक जरूरी दस्तावेजों के साथ कंपनी की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। इससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और आवेदन की प्रक्रिया भी तेज होगी।

सीपीडीएल के सीईओ बृजेश कुमार ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को आसान और तेज बनाना है। आयोजकों को समय पर बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी, ताकि त्योहारों और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों में किसी तरह की देरी न हो।

सीपीडीएल ने आयोजकों से अपील की है कि आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज एक साथ जमा करें। अधूरे दस्तावेज या निर्धारित शर्तें पूरी नहीं होने पर प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। साथ ही अस्थायी बिजली कनेक्शन के दौरान सभी सुरक्षा नियमों का पालन करना भी अनिवार्य होगा।