चंडीगढ़ में गाड़ी से कुचलकर की थी युवक की हत्या, वारदात में इस्तेमार थार और हथियार बरामद; दो आरोपित भी दबोचे
चंडीगढ़ में 29 अगस्त को पवन की कार से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को ...और पढ़ें

हत्याकांड में इस्तेमाल थार गाड़ी को पुलिस ने किया बरामद। दो आरोपित भी दबोचे। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
पवन की हत्या में इस्तेमाल काली थार बरामद हुई।
साहिल और मोहम्मद कैफ खान गिरफ्तार।
आरोपियों से चाकू, डंडे भी मिले, आर्म्स एक्ट जुड़ा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। 29 अगस्त की देर रात इंदिरा कालोनी निवासी पवन की कार से कुचलकर की गई हत्या के मामले में इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुई काले रंग की थार को बरामद कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने दो और आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान रामदरबार निवासी साहिल (23) और मोहम्मद कैफ खान (23) के रूप में हुई है।
पुलिस को उनसे चाकू और डंडे भी बरामद हुए हैं। ऐसे में पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस ने शनिवार को उन्हें जिला अदालत में पेश कर उनका तीन दिनों का रिमांड हासिल किया।
इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या चार हो गई है। इससे पहले पुलिस दो आरोपितों मोनू जैसवाल और सुभाष को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा इसी वारदात में इस्तेमाल स्कार्पियो कार भी बरामद हो चुकी है।
पार्टी से लौट रहे थे भाई, तभी किया हमला
पुलिस को दी शिकायत में न्यू इंदिरा काॅलोनी निवासी 24 वर्षीय सूरज ने बताया था कि वह और उसका भाई पवन अपने दोस्तों के साथ गांव दड़वा स्थित होटल लेगेसी में पार्टी करने गए थे। आरोप है कि वहां मोनू उर्फ कंडू, सुभाष, सूरज उर्फ जटुआ, गोविंदा, महावीर और मलकीत उर्फ काका स्काॅर्पियो और ब्लैक थार लेकर पहुंचे।
तभी आरोपितों ने स्काॅर्पियो से पवन और सूरज के वाहन को टक्कर मारी। दोनों जैसे ही गाड़ी से बाहर निकले तभी आरेापितों ने थार को तेज रफ्तार से पवन और सूरज की ओर दौड़ाकर उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों भाई बुरी तरह घायल हो गए। उन्हें सेक्टर-16 के अस्पताल पहुंचाया गया जहां पवन को मृत घोषित कर दिया गया।
आरोपितों पर पहले भी कई केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में सुभाष और माेनू पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। सुभाष के खिलाफ थाना मलोया में 18 अप्रैल 2026 को आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज हुआ है।
इसके अलावा पिछले साल भी थाना मलोया में आर्म्स एक्ट का केस दर्ज हुआ था। वहीं, मोनू जसवाल के खिलाफ भी पिछले साल आर्म्स एक्ट का केस दर्ज हुआ था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर हत्या की वजह और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
