Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नशे का विरोध पड़ा भारी, बठिंडा में आधी रात घर में घुस परिवार पर किया हमला; पांच लोग घायल

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 12:18 PM (IST)

    भुच्चो मंडी के गांव तुंगवाली में देर रात घर में घुसकर किए गए हमले में दो परिवारों के पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुरानी रंजिश और संदिग्ध नशे क ...और पढ़ें

    हमले में घायल पारिवारिक सदस्य।

    हमले में घायल पारिवारिक सदस्य।

    HighLights

    1. बठिंडा के तुंगवाली गांव में देर रात हमला।

    2. नशे से जुड़ी गतिविधियों के विरोध पर हमला।

    3. तेजधार हथियारों से पांच लोग गंभीर घायल।

    जागरण संवाददाता, भुच्चो मंडी (बठिंडा)। बठिंडा जिले के गांव तुंगवाली में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने कथित तौर पर एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में दो परिवारों के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब साढ़े बारह बजे की है। उस समय परिवार के सदस्य अपने घर में सो रहे थे। आरोप है कि कुछ लोग अचानक घर में घुस आए और बिना किसी चेतावनी के परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

    यह भी पढ़ें- बटाला में मामूली कहासुनी के बाद चली गोलियां, इलाज के दौरान युवक की मौत; आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस

    उपचार के लिए किया गया रेफर

    हमले में महिंगा सिंह के सिर और बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं। उनकी पत्नी सुखप्रीत कौर और माता बलविंदर कौर भी घायल हुई हैं। इसके अलावा महिंगा सिंह के चाचा जोधा सिंह तथा भतीजे संदीप सिंह को भी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को आगे रेफर कर दिया गया।

    पीड़ित परिवार ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि हमलावर उनके घर के पास ही रहते हैं। परिवार का कहना है कि कुछ समय पहले महिंगा सिंह ने घर के मोड़ पर कुछ लोगों के संदिग्ध तरीके से खड़े रहने पर आपत्ति जताई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्हें वहां नशे से जुड़ी गतिविधियां होने का संदेह था। उनका कहना है कि इसी बात की रंजिश में देर रात उनके घर पर हमला किया गया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत, मानसा में पत्नी की गला रेतकर हत्या की; वारदात के बाद घर छोड़ फरार हुआ पति

    दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही पुलिस

    पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों का मिलान कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

    जांच अधिकारी एएसआई बिकर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मेडिकल रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- पटियाला में नशे का विरोध पड़ा भारी, युवक पर हथियारों से हमला, कार्रवाई न होने पर थाने के बाहर प्रदर्शन