नेपाल में आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई SGPC, प्रतिनिधिमंडल ने PMO अधिकारियों से की बैठक
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल में आपदा पीड़ितों की मदद के लिए काठमांडू में प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

नेपाल में आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आई SGPC (फाइल फोटो)
HighLights
एसजीपीसी प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल पीएमओ प्रतिनिधियों से की मुलाकात
आपदा पीड़ितों की मदद के लिए राहत कार्य शुरू करेगी एसजीपीसी
नेपाल सरकार की सहमति से ही चलेंगे सेवा कार्य
जागरण संवाददाता, अमृतसर। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से भेजे गए प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को काठमांडू नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
प्रतिनिधिमंडल में एसजीपीसी सदस्य राजिंदर सिंह मेहता, गुरचरण सिंह ग्रेवाल, एडवोकेट भगवंत सिंह सियालका और एसजीपीसी के उप सचिव आजाद दीप सिंह शामिल रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल में प्राकृतिक आपदा के बद पैदा हुए हालात, सरकार की ओर से चलाए जा रहे राहत कार्यों और प्रभावित लोगों की मौजूदा जरूरतों के बारे में जानकारी हासिल की।
प्रतिनिधिमंडल ने नेपाल सरकार के अधिकारियों से यह भी जानकारी ली कि इस समय आपदा प्रभावित लोगों को किन राहत सामग्री की सबसे अधिक जरूरत है, ताकि एसजीपीसी जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध करवा सके।
नेपाल में शुरू किया जाएगा राहत कार्य
नेपाल से जानकारी देते हुए एसजीपीसी सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने अताया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए एसजीपीसी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नेपाल सरकार से मिलने वाली आगामी जानकारी और जरूरत के अनुसार राहत कार्य शुरू किए जाएंगे। नेपाल सरकार के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि एसजीपीसी की ओर से भी राहत कार्य सरकार की सहमति और उसके निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही किए जाएंगे।
नेपाल सरकार के प्रतिनिधियों को सेवा कार्यों की पेशकश की गई
उन्होंने बताया कि एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी के दिशा निर्देशों के अनुसार नेपाल सरकार के प्रतिनिधियों को सेवा कार्यों के लिए पेशकश की गई है। साथ ही राहत कार्यों के लिए जरूरी सरकारी अनुमति उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है। नेपाल सरकार के प्रतिनिधियों ने भरोसा दिया कि जल्द ही राहत कार्यों की पूरी रूपरेखा एसजीपीसी के साथ साझा की जाएगी। इसके बाद उसी के अनुसार राहत सेवाएं शुरू की जाएंगी।
