विदेश से रंगदारी गैंग चला रहे गैंगस्टर का रेड कॉर्नर नोटिस जारी, हत्या के कई मामले दर्ज; अंगोला पुलिस ने किया था गिरफ्तार
अमृतसर देहात पुलिस ने अंगोला से पंजाब में रंगदारी गैंग चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर वरिंदर सिंह उर्फ जोबन सैदोके के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस (आरसीएन) जार ...और पढ़ें

कुख्यात गैंग्सटर वरिंदर सिंह उर्फ जोबन सैदोके। फोटो जागरण
HighLights
गैंगस्टर वरिंदर सैदोके के खिलाफ रेड कार्नर नोटिस जारी।
अंगोला से पंजाब में रंगदारी गैंग चला रहा था।
पिछले महीने अंगोला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
नवीन राजपूत, अमृतसर। अंगोला (विदेश) से पंजाबभर के जिलों से रंगदारी गैंग चला रहे कुख्यात गैंग्सटर वरिंदर सिंह उर्फ जोबन सैदोके के खिलाफ अमृतसर देहात पुलिस ने रेड कार्नर नोटिस (आरसीएन) जारी किया है।
पता चला है कि आरोपित विदेश से अपने गुर्गों के मार्फत कई जगहों पर गोलियां चलाकर और जान से मारने की धमकियां देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी ले चुका है। खासकर अमृतसर देहात पुलिस में ही आरोपित के खिलाफ डेढ़ दर्जन के करीब पर्चे दर्ज हैं। बड़ी बात यह है कि साल 2023 ब्यास के सठियाला गांव में जरनैल सिंह की हत्या की थी और इसके बाद फर्जी पासपोर्ट तैयार कर विदेश भाग गया था।
फर्जी दस्तावेज से पासपोर्ट तैयार करवाया गया था
पुलिस सूत्रों से पता चला है कि आरोपित वरिंदर सैदोके द्वारा अपने गिरोह के सदस्यों की सहायता से यूपी के किसी जिले से फर्जी दस्तावेज तैयार कर पासपोर्ट तैयार करवाया गया था। बताया जा रहा है कि यह पासपोर्ट उसी गिरोह ने तैयार करवाया था जिन्होंने नवंबर 2024 में इंडोनेशिया के जकार्ता शहर में रह रहे कुख्यात गैंग्सटर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन मांगा का फर्जी पासपोर्ट दीप सिंह उर्फ दीपू के नाम से तैयार करवाया गया था।
पुलिस द्वारा आरोपित के खिलाफ साल 2025 में एलओसी जारी करवाई गई थी। लेकिन इसका किसी भी देश में होने को लेकर कोई सुराग नहीं लग रहा था। अब जकार्ता से डिपोर्ट करवाए गए जोबनजीत सिंह उर्फ मांगा का पूछताछ में सामने आया है कि गैंग्सटर सैदोके अंगोला में छिपाकर बैठा है और उसका दो दर्जन से ज्यादा सदस्यों वाला संगठित गैंग पंजाबभर में कारोबारियों, डाक्टरों और नेताओं से करोड़ों रुपये रंगदारी वसूल कर सैदोके को भेज रहे हैं।
अंगोला पुलिस ने पिछले महीने किया गिरफ्तार
पंजाब के वांटेड गैंग्सटर वरिंदर सिंह उर्फ जोबन सैदोके को अंगोला पुलिस ने इसी साल पिछले महीने संगिठत गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ पंजाब में हत्या के चार सनसनीखेज मामले दर्ज हैं और वह पिछले लंबे समय से पुलिस को वांछित है। पंजाब में वह संगठित अपराध नेटवर्क चला रहा है। अंगोला में इसे 18 जुलाई को काबू किया गया था।