विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में MLC चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा ऐलान, आठ सीटों पर जन सुराज लड़ेगा चुनाव

By Babul DeepEdited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 02 Sep 2026 04:33 PM (IST)

जन सुराज ने बिहार विधान परिषद चुनाव में आठ सीटों पर लड़ने का ऐलान किया है। प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर ...और पढ़ें

मुजफ्रफरपुर में कार्यक्रम को संबोधित करते प्रशांत किशोर।

मुजफ्रफरपुर में कार्यक्रम को संबोधित करते प्रशांत किशोर।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज ने अब एमएलसी चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी शुरू कर दी है।

मुजफ्फरपुर में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जन सुराज आठ सीटों पर एमएलसी चुनाव लड़ेगा।

तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर हुई बैठक में संभावित प्रत्याशियों के नाम और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया गया। पार्टी अगले दो-चार दिनों में प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर सकती है।

तिरहुत की चार सीटों पर मंथन

जिला परिषद मार्केट स्थित एक होटल में बुधवार को आयोजित बैठक में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के संगठन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक में तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। संभावित प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं से राय ली गई।

कार्यकर्ताओं से मांगी गई राय

बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, मतदाताओं के बीच जन सुराज की पहुंच और चुनावी तैयारियों से जुड़े सुझाव दिए। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने भी अपनी दावेदारी और चुनाव से संबंधित विचार रखे। प्रशांत किशोर ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चा की।

दो-चार दिनों में घोषित होंगे प्रत्याशी

मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन पर राय लेना था।

उन्होंने बताया कि संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल रहे साथियों को बैठक में बुलाया गया था, ताकि स्थानीय स्तर पर उनकी राय और सुझाव मिल सकें। चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों ने भी अपनी बात रखी है। सभी सुझावों के आधार पर अगले दो-चार दिनों में प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।

आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि जन सुराज आठ सीटों पर एमएलसी चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रहा है। पार्टी का फोकस संगठन को चुनाव के लिए मजबूत करने और मतदाताओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने पर है। बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया गया।

बोले- चुनाव में पता चलेगा जनाधार

जन सुराज के बढ़ते या घटते जनाधार से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इसका वास्तविक आकलन चुनाव परिणाम से ही होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि पार्टी एमएलसी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़े। संगठन के अंदर चुनाव को लेकर उत्साह है और सभी लोग मजबूती से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

बांकीपुर की जीत से उत्साहित संगठन

प्रशांत किशोर ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता बांकीपुर की जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाना चाहते हैं। इसी उत्साह के साथ संगठन एमएलसी चुनाव की तैयारी में जुट गया है। पार्टी नेतृत्व का जोर बूथ और क्षेत्रीय स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के साथ मतदाताओं के बीच संपर्क बढ़ाने पर है।

प्रदेश स्तर के नेता भी रहे मौजूद

बैठक में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, एनपी मंडल, सुभाष कुशवाहा, सरवर अली समेत प्रदेश स्तर के कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा जिला अध्यक्ष लाल बाबू, जिला महासचिव बिपिन चौधरी, मुख्य प्रवक्ता नदीम खान, वंदना प्रीतम, महिला अध्यक्ष रंजना कुमारी, युवा अध्यक्ष राहुल राज और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष इम्तियाज वारसी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

संगठन मजबूत करने पर भी जोर

बैठक में केवल प्रत्याशियों के चयन पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि चुनाव को लेकर संगठन को और मजबूत करने, मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने और प्रभावी रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

अब सभी की नजरें पार्टी की ओर से घोषित होने वाले प्रत्याशियों पर टिकी हैं। अगले दो-चार दिनों में उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद तिरहुत क्षेत्र में एमएलसी चुनाव की सियासी तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।