World Para Athlectics Championship: सिमरन, प्रीति और नवदीप ने जमाया रंग, भारत ने 22 मेडल के साथ किया शानदार समापन
जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का समापन हुआ जिसमें भारत ने 6 स्वर्ण 9 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 22 पदक जीतकर इतिहास रचा। ...और पढ़ें

HighLights
- सिमरन, प्रीति और नवदीप ने आखिरी दिन जीते रजत पदक
- मेजबान भारत ने रिकॉर्ड 22 पदक किए अपने नाम
- भारत के हिस्से् आए 6 स्वर्ण, 9 रजत और 7 कांस्य पदक
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप का समापन रविवार को भारत के लिए ऐतिहासिक रहा। मेजबान भारत ने रिकॉर्ड 22 पदक (6 स्वर्ण, 9 रजत और 7 कांस्य) जीतते हुए अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। आखिरी दिन भारत के खाते में तीन रजत और एक कांस्य पदक जुड़े। उत्तर प्रदेश की सिमरन शर्मा, हरियाणा की प्रीति पाल और नवदीप सिंह ने रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
सिमरन ने दूसरी बार मचाया धमाल
सिमरन शर्मा ने महिलाओं की 200 मीटर टी-12 स्पर्धा में सिल्वर पदक जीता। यह उनका चैंपियनशिप का दूसरा पदक रहा। इससे पहले उन्होंने 100 मीटर टी-12 में स्वर्ण पदक जीतकर एशियाई रिकॉर्ड बनाया था। दृष्टिबाधित श्रेणी में खेलने वाली 25 वर्षीय सिमरन अपनी छठी रेस में उतरी थीं और थकान व पीठ दर्द के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने 24.46 सेकंड में रेस पूरी की, जबकि ब्राजील की क्लारा बारोस (24.42 सेकंड) पहले स्थान पर रहीं। वेनेजुएला की एलेजांद्रा पेरेज लोपेज को ‘टेदर नियम’ के उल्लंघन पर अयोग्य घोषित किए जाने के बाद सिमरन को रजत मिला।
सिमरन ने कहा, मैं बहुत खुश हूं कि घर की धरती पर दो पदक जीते। अब लक्ष्य है 2026 एशियाई पैरा खेलों में तीन स्वर्ण जीतने का।
प्रीति ने किया कमाल
महिलाओं की 100 मीटर टी-35 स्पर्धा में प्रीति पाल ने असाधारण मानसिक मजबूती दिखाई। स्टार्टिंग पिस्टल की तकनीकी खराबी के चलते दौड़ दोबारा कराई गई। पहले दौड़ में जीत के बाद जब प्रीति ने तिरंगा लहराया, तभी दोबारा रेस की घोषणा ने सबको चौंका दिया। बावजूद इसके, 25 वर्षीय प्रीति ने दो घंटे बाद दूसरी बार ट्रैक पर उतरकर 14.33 सेकंड में रजत पदक जीता। चीन की गुओ कियानकियान (14.24 सेकंड) ने स्वर्ण जीता। प्रीति ने कहा पहली रेस के बाद हम सब थक चुके थे, लगा अब नहीं दौड़ पाएंगे। लेकिन कोच और फिजियो ने प्रेरित किया और दोबारा रजत जीतकर राहत मिली।
नवदीप ने फहराया परचम
पेरिस पैरालंपिक स्वर्ण विजेता नवदीप सिंह ने पुरुषों की एफ-41 जेवलिन थ्रो स्पर्धा में 45.46 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर रजत पदक हासिल किया। ईरान के सादेग बेइत सयाह ने 48.86 मीटर के शानदार थ्रो के साथ स्वर्ण अपने नाम किया।
खबरें और भी
भारत कुल 22 पदकों के साथ दसवें स्थान पर रहा। ब्राजील ने 44 पदक (15 स्वर्ण, 20 रजत, 9 कांस्य) के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, चीन 52 पदक (13-22-17) के साथ दूसरे और ईरान 16 पदक (9-2-5) के साथ तीसरे स्थान पर रहा।