सिंकफील्ड कप: काले मोहरों से प्रगनानंद ने खेला सुरक्षित दांव, पहले ही दौर में जीत के साथ कारुआना ने बनाई बढ़त
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद ने ग्रैंड शतरंज टूर की प्रतियोगिता सिंकफील्ड कप के पहले दौर में अपने अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी सैमुअल सेवियन के साथ आसान ...और पढ़ें
-1786512648272_m.webp)
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद
पीटीआई, सेंट लुई (अमेरिका)। भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रगनानंद ने ग्रैंड शतरंज टूर की प्रतियोगिता सिंकफील्ड कप के पहले दौर में अपने अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी सैमुअल सेवियन के साथ आसान ड्रॉ खेला। इस वर्ष के टूर्नामेंट में शीर्ष वरीयता प्राप्त फैबियानो कारुआना 10 खिलाड़ियों के नौ दौर की इस प्रतियोगिता के पहले दौर में जीत हासिल करने वाले एकमात्र खिलाड़ी रहे, जिससे उन्होंने शुरुआती बढ़त बना ली है। उन्होंने नीदरलैंड्स के जार्डन वैन फोरस्ट को हराया।
विश्व चैंपियनशिप के दावेदार उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने आर्मेनियाई मूल के अमेरिकी खिलाड़ी लेवोन अरोनियन के साथ अंक साझा किए, जबकि जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने अमेरिका के वेस्ली सो से बाजी ड्रा खेली। नीदरलैंड्स के अनीश गिरी ने भी फ्रांस के मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव के साथ ड्रा खेला। प्रगनानंद के लिए यह एक अच्छी शुरुआत रही, क्योंकि उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए सेवियन के विरुद्ध कोई गलती नहीं की।
प्रगनानंद को बाजी ड्रा कराने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, क्योंकि अमेरिकी खिलाड़ी ने भी जोखिम उठाना उचित नहीं समझा। दोनों खिलाड़ी 48 चाल के बाद अंक बांटने पर सहमत हो गए। कारुआना ने फोरस्ट को 55 चाल में हराकर एक बार फिर साबित कर दिया कि वह अब तक इस टूर के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी क्यों हैं। उन्होंने अंतिम क्षणों में फोरस्ट की गलती का फायदा उठाकर पूरे अंक हासिल किए।