निहाल ने ईस्पोर्ट्स विश्व कप के लिए किया क्वालीफाई
भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने चैंपियंस शतरंज टूर लीडरबोर्ड के माध्यम से पेरिस में होने वाले ईस्पोर्ट्स विश्व कप की शतरंज स्पर्धा के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

निहाल ने ईस्पोर्ट्स विश्व कप के लिए किया क्वालीफाई
डिजिटल डेस्क,जागरण। भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन ने चैंपियंस शतरंज टूर (सीसीटी) लीडरबोर्ड के जरिए पेरिस में होने वाले आगामी ईस्पोर्ट्स विश्व कप (ईडब्ल्यूसी) की शतरंज स्पर्धा के लिए क्वालीफाई कर लिया।ईस्पोर्ट्स और गेमिंग कंटेट कंपनी एस8यूएल का प्रतिनिधित्व करने वाले सरीन अब तक इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं और अपने साथी अरविंद चिदंबरम के साथ शामिल हो गए।
इस साल 11 से 15 अगस्त तक चलने वाली ईडब्ल्यूसी शतरंज प्रतियोगिता में 14.3 करोड़ रुपये (15 लाख डॉलर) की पुरस्कार राशि होगी। ईडब्ल्यूसी कुल मिलाकर छह जुलाई से 23 अगस्त तक चलेगा जिसमें 100 से ज्यादा देशों के 200 क्लबों के 2,000 से ज्यादा खिलाड़ी 718 करोड़ रुपये की रिकार्ड पुरस्कार राशि के लिए मुकाबला करेंगे। सीसीटी सत्र की दो मुख्य स्पर्धा स्पीड शतरंज चैंपियनशिप 2025 और शतरंज डाट ओपन 2026 शामिल हैं। निहाल चौथे स्थान पर रहने के कारण सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए, वह क्वालीफिकेशन से सिर्फ एक स्थान पीछे थे। लेकिन फिर भी उन्होंने इस 100 लीडरबोर्ड अंक हासिल किए।

