विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिनर रिकॉर्ड 32वीं जीत के साथ सेमीफाइनल में, इटालियन ओपन में जानिक ने आंद्रे रुबलेव पर सीधे सेटों में दर्ज की जीत

Published: Fri, 15 May 2026 08:21 PM (IST)

जानिक सिनर ने मास्टर्स प्रतियोगिताओं में लगातार 32वीं जीत हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड बनाने के साथ पिछले 50 वर्ष ...और पढ़ें

जानिक सिनर

जानिक सिनर

रोम, एपी। जानिक सिनर ने मास्टर्स प्रतियोगिताओं में लगातार 32वीं जीत हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड बनाने के साथ पिछले 50 वर्ष में इटालियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट जीतने वाले पहले घरेलू पुरुष खिलाड़ी बनने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। सिनर खिताब से अब केवल दो जीत दूर हैं और उनकी शानदार फार्म को देखते हुए वह फ्रेंच ओपन में भी खिताब के प्रबल दावेदार बन गए हैं।

विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सिनर ने दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी आंद्रे रुबलेव पर 6-2, 6-4 से जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह उनकी मास्टर्स प्रतियोगिताओं में लगातार 32वीं जीत थी और इस तरह से उन्होंने नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जोकोविक ने 2011 में मास्टर्स टूर्नामेंट में लगातार 31 मैच जीते थे। सिनर का लक्ष्य जोकोविक के बाद सभी नौ मास्टर्स टूर्नामेंट जीतने वाला दूसरा खिलाड़ी बनना भी है। जोकोविच ने प्रत्येक टूर्नामेंट को कम से कम दो बार जीता है।

इटालियन ओपन एकमात्र मास्टर्स टूर्नामेंट है जिसे सिनर ने नहीं जीता है। सिनर ने बाद में कहा, मैं रिकॉर्ड के लिए नहीं खेलता। मैं खुद के लिए खेलता हूं। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। इटालियन ओपन जीतने वाले इटली के अंतिम पुरुष खिलाड़ी एड्रियानो पनाटा थे, जिन्होंने 1976 में यह उपलब्धि हासिल की थी। पनाटा रविवार को इस वर्ष के चैंपियन को ट्रॉफी प्रदान करेंगे।

सिनर का सेमीफाइनल में मुकाबला 2023 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव से होगा, जिन्होंने स्पेनिश क्वालीफायर मार्टिन लैंडालुस को 1-6, 6-4, 7-5 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में नार्वे के कैस्पर रूड का मुकाबला अर्जेंटीना में जन्मे इतालवी खिलाड़ी लुसियानो डार्डेरी से होगा।

महिला सिंगल्स में कोको गफ ने 36 वर्षीय सोराना क्रिस्टिया को 6-4, 6-3 से हराकर लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में जगह बनाई जहां उनका सामना इटालियन ओपन में दो बार की चैंपियन एलिना स्वितोलिना से होगा। स्वितोलिना ने तीन बार की चैंपियन इगा स्वियातेक को 6-2, 4-6, 6-2 से हराया।