विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लोन नहीं मिला तो बैंक मैनेजर का अपहरण, 10 लाख की फिरौती मांगी; कटक से दो गिरफ्तार

Published: Mon, 14 Sep 2026 01:10 PM (IST)Updated: Mon, 14 Sep 2026 09:22 PM (IST)

कटक में एक बैंक मैनेजर के अपहरण और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में दो युवकों को ...और पढ़ें

अपहरण कर बैंक मैनेजर की पत्नी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

अपहरण कर बैंक मैनेजर की पत्नी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

HighLights

  1. बैंक मैनेजर मनोज साहू का अपहरण कर फिरौती मांगी गई।

  2. खाता खोलने और ऋण विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया।

  3. पुलिस ने बालेश्वर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मैनेजर को बचाया।

संवाद सूत्र, कटक। ओडिशा के कटक में एक गैर सरकारी बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि लोन और बैंक खाते से जुड़े विवाद के बाद कुछ युवकों ने बैंक मैनेजर को घर से बाहर बुलाकर अगवा कर लिया।

इसके बाद उन्हें बालेश्वर ले जाकर बंधक बनाया गया और मारपीट की गई। आरोपितों ने बैंक मैनेजर की पत्नी से उनकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैंक मैनेजर को बालेश्वर से सकुशल बरामद कर लिया।

मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बालेश्वर जिले के बस्ता थाना क्षेत्र के गंभारी निवासी रामचंद्र दास और सिंगला थाना क्षेत्र के राजकुमार साहू के रूप में हुई है। दोनों को रविवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

दो दिन से लापता थे बैंक मैनेजर

जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार साहू जगतपुर इलाके में स्थित एक गैर सरकारी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनका पुश्तैनी घर पुरी जिले के गोप इलाके में है, जबकि फिलहाल वह परिवार के साथ मधुपटना थाना क्षेत्र के दरखापाटना में रह रहे थे।

करीब दो दिन पहले मनोज कुमार साहू अचानक लापता हो गए। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला तो उनकी पत्नी ममता साहू ने मधुपटना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मनोज के मोबाइल फोन की लोकेशन बालेश्वर जिले में मिली। इसी बीच कुछ युवकों ने उनकी पत्नी को फोन कर बताया कि मनोज उनके कब्जे में हैं। उन्हें सुरक्षित वापस लेने के लिए 10 लाख रुपये देने होंगे। फिरौती की मांग सामने आने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी।

घर से बाहर बुलाकर कार में बैठाया

पुलिस की जांच में सामने आया कि बालेश्वर के कुछ युवक मनोज कुमार साहू से बैंक खाते और लोन से जुड़े विवाद को लेकर नाराज थे। आरोप है कि इन्हीं युवकों में से कुछ कटक पहुंचे और मनोज को उनके घर से बाहर बुलाया।

इसके बाद उन्हें जबरन एक बलेनो कार में बैठाकर बालेश्वर ले जाया गया। बालेश्वर पहुंचने के बाद मनोज को बंधक बनाकर रखा गया और उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उनकी पत्नी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।

लोन नहीं मिलने से शुरू हुआ था विवाद

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपितों में से एक युवक ने मनोज के माध्यम से बैंक में खाता खुलवाया था। संबंधित युवकों को कारोबार के लिए बैंक से लोन मिलने की उम्मीद थी, लेकिन बाद में उनका लोन स्वीकृत नहीं हुआ। इसी बात को लेकर वे मनोज से नाराज थे।

कुछ समय बाद इन युवकों को बैंक खाते से संबंधित पत्र मिला, जिसमें खाते में लोन स्वीकृत होने और कई तरह के लेनदेन की जानकारी दी गई थी। इसके बाद वे कथित तौर पर कानूनी और वित्तीय परेशानियों में फंस गए।

उन्होंने मामले का समाधान कराने के लिए मनोज से संपर्क किया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपितों ने मनोज के अपहरण की साजिश रची और उन्हें कटक से अगवा कर बालेश्वर ले गए।

बालेश्वर पुलिस की मदद से कराया गया रेस्क्यू

मनोज की मोबाइल लोकेशन के आधार पर मधुपटना थाना पुलिस ने बालेश्वर पुलिस से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मनोज कुमार साहू को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

मधुपटना थाना अधिकारी चित्त रंजन राउत के अनुसार, मामले की जांच जारी है। पुलिस घटना में शामिल अन्य युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।