विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में मामूली विवाद के बाद रिटायर्ड फौजी ने ग्रामीण को मारी गोली, मौत के बाद हिरासत में आरोपी

Published: Thu, 08 Oct 2026 08:54 AM (GMT+05:30)

अनुगुल जिले के बंतला में मामूली कहासुनी के बाद एक सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने 37 वर्षीय ग्रामीण को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रिटायर्ड फौजी ने ग्रामीण को मारी गोली

रिटायर्ड फौजी ने ग्रामीण को मारी गोली

HighLights

  1. सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने मामूली कहासुनी के बाद ग्रामीण को गोली मारी।

  2. गोली लगने से 37 वर्षीय सुशांत प्रधान की मौके पर ही मौत।

  3. पुलिस ने आरोपी प्रकाश साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

जागरण संवाददाता,अनुगुल। अनुगुल जिले के बंतला इलाके में मंगलवार शाम मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तीखी बहस और हाथापाई के बाद एक सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी ने कथित तौर पर घर से बंदूक लाकर 37 वर्षीय ग्रामीण को गोली मार दी। गोली छाती में लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 

मृतक की पहचान बंतला गांव निवासी सुशांत प्रधान (37), उर्फ कालिया के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी प्रकाश साहू (62) को बुधवार दोपहर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। 

विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे बंतला के निम्बाचक के पास सुशांत प्रधान और प्रकाश साहू के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसके बाद प्रकाश साहू कथित तौर पर अपने घर गया और अपनी दो नाली बंदूक लेकर वापस आया। आरोप है कि उसने सुशांत पर गोली चला दी। 

गोली सुशांत की छाती में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। बंतला थाना से महज पांच सौ मीटर की दूरी लार हुए इस वारदात के बाद आरोपित कथित तौर पर बंदूक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। गोली चलने की सूचना मिलते ही बंतला पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुशांत को बंतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। 

जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया

वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार जब्त कर लिया है। घटना की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। आरोपित की तलाश में पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। 

बुधवार दोपहर में प्रकाश साहू को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ मृतक के शव का पोस्टमार्टम भी कराया है। अनुगुल के एसडीपीओ रमाकांत महालिक ने बताया कि आरोपित सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। 

पूछताछ पूरी होने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस अब गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह और विवाद की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- ओडिशा में युवक ने SCB मेडिकल कॉलेज में टंकी से लगाई छलांग: सिर और सीने में गंभीर चोटें, हालत नाजुक