Published: Wed, 01 May 2024 10:37 AM (GMT+05:30)
Rahul Gandhi एक सप्ताह के अंतराल पर दूसरी बार राहुल गांधी ओडिशा के दौरे पर आ रहे हैं। वह तीन ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। Rahul Gandhi : ओडिशा में चुनाव प्रचार की सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक सप्ताह के अंतराल के बाद दूसरी बार ओडिशा के दौरे पर आ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी तीन मई को रायगड़ा जाएंगे और प्रियंका गांधी नौ मई को नवरंगपुर जाएंगी और पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगी।
तीन मई को रायगड़ा में जनसभा को करेंगे संबोधित
ओडिशा कांग्रेस प्रभारी डा. अजय कुमार और प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने बताया कि राहुल गांधी तीन मई को रायगड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे।
उनके साथ तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी भी होंगे। राहुल के कार्यक्रम में करीब एक लाख कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। राहुल रायगड़ा में कोरापुट सांसद उम्मीदवार सप्तगिरि उलाका और पार्टी के अन्य विधायक उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
9 मई को नवरंगपुर के दौरे पर प्रियंका गांधी
चुनाव प्रचार के अलावा राहुल का पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक करने का कार्यक्रम है। इसी तरह से प्रियंका गांधी 9 मई को नवरंगपुर के दौरे पर आ रही हैं।
वह कांग्रेस उम्मीदवार के लिए जनसभा को संबोधित करेंगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुताबिक प्रियंका गांधी के नवरंगपुर में कार्यक्रम के लिए तैयार रहने को जिले के पार्टी नेताओं को कहा गया है। प्रियंका 9 मई को आएंगी। बता दें कि नवरंगपुर संसदीय क्षेत्र में 13 मई को मतदान होना है।