यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 01, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छह फरवरी को ओडिशा दौरे पर आ रहे हैं राहुल गांधी, इन तीन जिलों में निकालेंगे न्याय यात्रा; स्वागत के लिए शुरू हो गई तैयारी
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत राहुल गांधी छह फरवरी को ओडिशा आ रहे हैं। छह फरवरी की शाम को राहुल गांधी सुंदरगढ़ के बीरमित्रपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 7 ...और पढ़ें

HighLights
- सुंदरगढ़ जिले के वीरमित्रपुर में भव्य स्वागत की तैयारी।
- राउरकेला, सुंदरगढ़ व झारसुगुडा में 7 व 8 फरवरी को निकालेंगे न्याय यात्रा।
जासं, भुवनेश्वर। आगामी छह फरवरी को वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ओडिशा के दौरे पर आएंगे।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शरत पटनायक ने पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी।
सुंदरगढ़ से होगी ओडिशा दौरे की शुरुआत
कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि छह फरवरी की शाम को राहुल गांधी सुंदरगढ़ के बीरमित्रपुर पहुंचेंगे, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद तीन सांगठनिक जिलों में उनका न्याय यात्रा का कार्यक्रम है। राउरकेला, सुंदरगढ़ व झारसुगुडा में 7 व 8 फरवरी को न्याय यात्रा निकाली जाएगी।
राहुल गांधी के बाद कांग्रेस के अन्य नेता भी करेंगे दौरा
पटनायक ने कहा कि राउरकेला में राजगांगपुर से सुंदरगढ़, गड़गांव और उत्तरा तक एक रोड शो आयोजित किया जाएगा। वह 7 फरवरी को झारसुगुड़ा में रात्रि विश्राम करेंगे।
अगली सुबह वह छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने से पहले बेलपहाड़, हृदयनगर और कनकटरा तक यात्रा का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के बाद कांग्रेस के अन्य प्रमुख नेता निकट भविष्य में राज्य का दौरा करेंगे।
हाल ही में मल्लिकार्जुन खड़गे आए थे ओडिशा
माना जा रहा है कि एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया दौरे के बाद राहुल गांधी के दौरे से पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ने की उम्मीद है।
दो दिन पहले एआईसीसी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने भुवनेश्वर में अपनी पार्टी द्वारा प्रायोजित ओडिशा बंचाओ समावेश में भाग लिया और इंडिया ब्लॉक के आठ दलों के नेताओं से मुलाकात की और आगामी चुनावों के लिए रणनीतियों पर चर्चा की।

