बंगाल में रची गई थी Orangutan के तस्करी की साजिश, होटल मालिक की पत्नी-बेटी से 5 घंटे तक पूछताछ में कई खुलासे
Orangutan Trafficking Case में क्राइम ब्रांच एसटीएफ की जांच जारी है, जिसमें दीघा के एक होटल मालिक पिता-पुत्र को मास्टरमाइंड ...और पढ़ें

ओडिशा में बरामद ओरांगुटान। फाइल फोटो
HighLights
दीघा के ग्रैंड हेरिटेज होटल में रची गई साजिश।
होटल मालिक जयंत माइती और पुत्र सौम्यदीप मास्टरमाइंड।
एसटीएफ ने होटल मालिक की पत्नी-बेटी से की पूछताछ।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। बालेश्वर जिले के भोगराई ब्लॉक स्थित रणकोठा आरक्षित वन से पांच ओरांगुटान बरामद होने के मामले में क्राइम ब्रांच की एसटीएफ की जांच लगातार जारी है।
बताया जा रहा है कि एसटीएफ के हाथ कई महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि पूरे मामले की साजिश पश्चिम बंगाल के दीघा स्थित ग्रैंड हेरिटेज होटल में रची गई थी। होटल मालिक जयंत माइती और उसका पुत्र सौम्यदीप माइती इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दीघा का यह होटल मात्र चार महीने पहले ही शुरू हुआ था। हालांकि दोनों आरोपी पिता-पुत्र फरार हैं और एसटीएफ अभी तक उन तक नहीं पहुंच सकी है। उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हैं, जिससे जांच प्रभावित हो रही है।
ओरांगुटान तस्करी की जांच के दौरान एसटीएफ को एक काले रंग की थार गाड़ी के बारे में भी जानकारी मिली है। आशंका है कि आरोपी इसे छिपाकर देश छोड़कर फरार हो गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि orangutans कहां से लाए गए थे, उन्हें कहां पहुंचाया जाना था और बालेश्वर के जंगल में क्यों छोड़ दिया गया। जांच में होटल के सीसीटीवी फुटेज से यह पुष्टि हुई है कि ओरांगुटानों को होटल के भीतर लाया गया था।
होटल मालिक की पत्नी और बेटी से पूछताछ
गौरतलब है कि 8 सितंबर को रणकोठा जंगल से ओरांगुटान बरामद हुए थे। 9 सितंबर को एसटीएफ ने जांच शुरू की और 10 सितंबर से आरोपी पिता-पुत्र के फरार होने की जानकारी मिली। एसटीएफ होटल की सीसीटीवी हार्ड डिस्क की भी जांच कर रही है, जिससे कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए एसटीएफ ने शुक्रवार को होटल मालिक की पत्नी और बेटी से करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में माइती परिवार समेत कुल 12 लोगों के इस मामले में शामिल होने की आशंका जताई गई है। संदिग्धों की सूची लगातार बढ़ने से मामले का रहस्य और गहराता जा रहा है।
फार्महाउस मालिक को बेचने की थी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, ओरांगुटान तस्करी से जुड़े छह आरोपी संबंधित होटल में ठहरे थे, जिनमें से तीन के नाम होटल रजिस्टर में दर्ज मिले हैं।
हालांकि अब तक कितने लोगों से पूछताछ की गई है और आगे किन लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा, इस संबंध में एसटीएफ ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। एजेंसी का कहना है कि जांच प्रभावित होने की आशंका के चलते फिलहाल जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इन ओरांगुटानों को किसी फार्महाउस मालिक को बेचने की तैयारी थी, लेकिन पकड़े जाने के डर से उन्हें भोगराई के जंगल में छोड़ दिया गया।
उल्लेखनीय है कि होटल मालिक जयंत माइती के पुत्र सौम्यदीप माइती के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक मामले में उसे उत्तर प्रदेश पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में मिले ओरंगुटान शावकों की ₹5 करोड़ में डील, काली थार से गहराया वन्यजीव तस्करी का रहस्य
