विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा में ₹140 के बिजली बिल पर उपभोक्ता ने तानी बंदूक, पुलिस ने दबोचा; घर से बारूद बरामद

Published: Thu, 23 Jul 2026 12:46 PM (IST)

ओडिशा के मालकानगिरी में ₹140 के बिजली बिल विवाद में एक उपभोक्ता ने बिजली कर्मचारी को बंदूक दिखाकर धमकी दी।

पुलिस ने किया गिरफ्तार ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

पुलिस ने किया गिरफ्तार ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

HighLights

  1. ₹140 के बिजली बिल पर उपभोक्ता ने कर्मचारी को धमकाया।

  2. पुलिस ने आरोपी को बंदूक और बारूद के साथ गिरफ्तार किया।

  3. अवैध हथियारों के स्रोत की जांच में पुलिस जुटी है।

जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के मालकानगिरी थाना क्षेत्र के नीलिमारीगुड़ा गांव में 140 रुपये के बकाया बिजली बिल को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक उपभोक्ता ने बिजली विभाग के कर्मचारी को बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दे डाली। इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले ने अवैध हथियार रखने के आरोपों को भी उजागर कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, बिजली विभाग का कर्मचारी बकाया बिल की वसूली के लिए आरोपी के घर गया था।इसी दौरान आरोपी अपना आपा खो बैठा और बंदूक तानकर कर्मचारी को गोली मारने की धमकी दी।घटना के बाद कर्मचारी ने मालकानगिरी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।

छापेमारी में बंदूक और कारतूस बरामद

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक बंदूक, जिंदा कारतूस, बारूद तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया गया।

मालकानगिरी थाना प्रभारी (आईआईसी) रेगन किंडो ने कहा कि बिजली बिल वसूली के दौरान विवाद हुआ था।कर्मचारी जब बिल लेने गया तो आरोपी ने उसे बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया।उसके घर से एक बंदूक, कुछ पुराने हथियार और बारूद बरामद किया गया है।आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।

हथियारों के स्रोत की जांच में जुटी पुलिस

रेगन किंडो ने बताया कि आरोपी के पास हथियार कहां से आए, इसका पता जांच के बाद चल सकेगा। पुलिस को आशंका है कि मामला अवैध हथियार रखने या उनके निर्माण से जुड़े किसी बड़े नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हथियार कैसे हासिल किए और क्या इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। महज 140 रुपये के बिजली बिल से शुरू हुआ विवाद अब अवैध हथियारों की जांच तक पहुंच गया है।