एआई दूरसंचार में अवसर, पर मानवीय निगरानी और सुरक्षा उपाय अनिवार्य: ट्राई चेयरमैन
ट्राई चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने दूरसंचार नेटवर्क में एआई के बढ़ते उपयोग पर जोर देते हुए मानवीय निगरानी और ...और पढ़ें

मानवीय निगरानी और सुरक्षा उपाय अनिवार्य- ट्राई चेयरमैन (फोटो- PIB)
HighLights
एआई दूरसंचार नेटवर्क प्रबंधन और खतरों का पता लगाने में सहायक।
बढ़ते एआई उपयोग के साथ सुरक्षा उपाय और मानवीय निगरानी जरूरी।
वोडाफोन आइडिया के खिलाफ नेटवर्क पोर्टिंग शिकायतों की जांच होगी।
पीटीआई, नई दिल्ली। दूरसंचार नियामक ट्राई चेयरमैन ने कहा है कि भारतीय दूरसंचार नेटवर्क के प्रबंधन एवं खतरों का पता लगाने के तरीके को एआइ बदल सकती है, लेकिन इसके बढ़ते इस्तेमाल के साथ सुरक्षा उपाय और मानवीय निगरानी जरूरी है।
ट्राई प्रमुख अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि संचार नेटवर्क में एआइ का प्रयोग बढ़ रहा है, ऐसे में दूरसंचार और प्रौद्योगिकी कंपनियों को जिम्मेदार एआइ में निवेश करने, जोखिम का आकलन करने, फैसलों का रिकार्ड रखने और इस्तेमाल से पहले माडलों का निरीक्षण करने की जरूरत है। उन्होंने जोर दिया कि अधिक प्रभाव वाले सिस्टम में मानवीय निगरानी बनी रहनी चाहिए।
ट्राई चेयरमैन ने कहा कि नेटवर्क के लगातार अधिक स्वायत्त होते जाने के बावजूद मानवीय निगरानी, आडिट की क्षमता और जरूरत पड़ने पर हस्तक्षेप करने की क्षमता महत्वपूर्ण बनी रहेगी।
उन्होंने उद्योग संगठन ‘सेल्युलर आपरेटर्स एसोसिएशन आफ इंडिया’ (सीओएआइ) के एक कार्यक्रम में कहा, ‘हमें ऐसे संपर्क के लिए काम करना होगा जो बुद्धिमत्ता पर आधारित हो, एआइ का जिम्मेदार इस्तेमाल हो, नवाचार को प्रोत्साहित किया जाए और प्रौद्योगिकी के जरिये हर नागरिक को सशक्त बनाया जाए।’
हालांकि, लाहोटी ने कहा कि एआइ पर बढ़ती निर्भरता से ऐसे जोखिम भी पैदा होते हैं, जिनसे निपटने के लिए परिचालकों और नियामकों को तैयार रहना होगा। प्रणाली को ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार किया जाना चाहिए, जिनमें स्वचालित फैसले गलत होने से निपटने की क्षमता हो।
इसमें यह देखना शामिल है कि गलत फैसले को कितनी जल्दी पलटा जा सकता है और एआइ पर निर्भर कोई कार्य उपलब्ध नहीं होने पर भी सेवाएं जारी रह सकती हैं या नहीं।
उन्होंने कहा, ‘भारत का अगला डिजिटल बदलाव केवल इस बात से तय नहीं होगा कि हम कितने लोगों को जोड़ते हैं, बल्कि इससे तय होगा कि हम उन्हें कितनी समझदारी, सुरक्षित, समावेशी और जिम्मेदार तरीके से जोड़ते हैं।’’
ट्राई वोडाफोन आइडिया के खिलाफ आई शिकायतों की करेगा जांच
दूरसंचार ग्राहकों को अपने नेटवर्क पर आने के लिए वोडाफोन आइडिया पर कथित तौर पर प्रोत्साहित करने के आरोपों के बीच ट्राई चेयरमैन ने कहा है कि वह इस बारे में दूरसंचार कंपनियों (जियो और एयरटेल) से मिलीं शिकायतों की जांच करेंगे।
सीओएआइ के एक कार्यक्रम से इतर लाहोटी ने कहा कि जब भी किसी दूरसंचार कंपनी की ओर से कोई प्रतिवेदन मिलता है, तो नियामक उसकी जांच करता है।
हाल में एक दूरसंचार कंपनी ने भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) से संपर्क कर आरोप लगाया था कि वोडाफोन आइडिया अपने नेटवर्क पर मोबाइल कनेक्शन पोर्ट कराने वाले ग्राहकों के लिए शुल्क लाभ से जुड़े प्रचार को प्रसारित कर रही है।
