विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कांग्रेस सरकार ने वेल्लारी में भाजपा की रैली को नहीं दी अनुमति, कर्नाटक में गरमाई राजनीति

Published: Wed, 09 Sep 2026 02:00 AM (IST)

कर्नाटक के वेल्लारी में प्रशासनिक अधिकारियों ने यहां सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कालेज के मैदान में 10 सितंबर को भाजपा की जनसभा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।

कांग्रेस सरकार ने वेल्लारी में भाजपा की रैली को नहीं दी अनुमति (सांकेतिक तस्वीर)

कांग्रेस सरकार ने वेल्लारी में भाजपा की रैली को नहीं दी अनुमति (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. सरकारी कॉलेज के मैदान या भवनों में आयोजन से इनकार

  2. प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर दबाव का आरोप लगाया

पीटीआई, वेल्लारी। कर्नाटक के वेल्लारी में प्रशासनिक अधिकारियों ने यहां सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कालेज के मैदान में 10 सितंबर को भाजपा की जनसभा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। यह बैठक कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार और विफलताओं के खिलाफ 10 दिन की पदयात्रा के समापन के अवसर पर आयोजित की जा रही थी।

प्रदेश भाजपा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि जिला अधिकारियों पर कांग्रेस सरकार का दबाव है, जिसके कारण अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों ने 2015 के एक सरकारी आदेश का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कालेजों के मैदान और भवनों को निजी संगठनों या संघों को सार्वजनिक या निजी समारोहों, प्रदर्शनों, बिक्री स्टाल, मनोरंजन कार्यक्रमों और अन्य ऐसे आयोजनों के लिए प्रदान नहीं किया जा सकता।

भाजपा की 'वेल्लारी चलो' पदयात्रा, जो एक सितंबर को रायचूर जिले के लिंगासुगुर से शुरू हुई थी, 10 सितंबर को वेल्लारी में समाप्त होने वाली है। इस मार्च का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र कर रहे हैं, जिसमें कई पार्टी नेता, विधायक, एमएलसी, राज्य पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।

सात सितंबर को वेल्लारी जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल कुमार मोका को भेजे गए एक पत्र में वेल्लारी और विजयनगर जिलों के स्कूल शिक्षा विभाग (प्री-यूनिवर्सिटी) के उप निदेशक ने 2015 के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कालेजों के मैदान और भवनों का उपयोग ऐसे आयोजनों के लिए नहीं किया जा सकता।

पत्र में कहा गया है, "उपरोक्त के मद्देनजर वेल्लारी में सरकारी प्री-यूनिवर्सिटी कालेज के मैदान में 10 सितंबर को प्रस्तावित बड़े सार्वजनिक बैठक के आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसलिए, आपका अनुरोध विचारणीय नहीं है।"

भाजपा ने 10 सितंबर को शाम 3 बजे से 8 बजे तक बैठक आयोजित करने की अनुमति मांगी थी और अधिकारियों को सूचित किया था कि 50 हजार से अधिक लोग और गणमान्य व्यक्तियों के आने की उम्मीद है।

विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि वेल्लारी के उप आयुक्त पर राज्य की कांग्रेस सरकार का दबाव है। उन्हें जानकारी मिली है कि अधिकारियों ने पदयात्रा के समापन कार्यक्रम के लिए अनुमति में देरी की है।

उन्होंने कहा,"मैं संबंधित अधिकारियों से बात करूंगा। राज्य और देशभर के लोग इस पदयात्रा को देख रहे हैं, जो शांति से आयोजित की जा रही है।" भाजपा प्रमुख ने कहा कि उप आयुक्त को अनुमति देनी चाहिए।