पीएम मोदी के जन्मदिवस के दिन अन्नपूर्णा दिवस मनाएगी बंगाल सरकार, इस महीने 1.58 करोड़ महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महीने 1.58 करोड़ से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, महिलाओं ...और पढ़ें

पीएम मोदी के जन्मदिवस के दिन अन्नपूर्णा दिवस मनाएगी बंगाल सरकार
HighLights
आज से महिलाओं के खातों में 3,000 रुपये के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू
इस महीने 1.58 करोड़ महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर गुरुवार, 17 सितंबर को पहली बार राज्य में अन्नपूर्णा दिवस के रूप में मनाएगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में इसका उल्लेख करते हुए कहा कि इसी दिन अन्नपूर्णा योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में तीन-तीन हजार रुपये की मासिक सहायता राशि हस्तांतरित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस महीने 1.58 करोड़ से अधिक महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, महिलाओं के खातों में राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया बुधवार को ही शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रथम अन्नपूर्णा दिवस पर कोलकाता के साल्टलेक स्थित सेंट्रल पार्क में गुरुवार दोपहर में मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें योजना की लाभार्थी एक लाख से अधिक महिलाएं इसमें शामिल होंगी। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
शुभेंदु ने कहा कि अगस्त में करीब 1.48 करोड़ महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना की राशि मिली थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले महीने की तुलना में सितंबर में 10 लाख से अधिक महिलाओं को योजना के दायरे में शामिल किया गया है, जिन्हें इसका लाभ मिलेगा।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को पीएम के जन्मदिन पर अन्नपूर्णा दिवस के रूप में मनाने की पिछले महीने ही घोषणा की थी।
इस योजना के तहत 25 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से आधार-लिंक्ड बैंक खाते में दी जाती है। बंगाल में मई में हुए सत्ता परिवर्तन व भाजपा की सरकार बनने के बाद यह योजना शुरू की गई है।
राज्य में आज से लागू होगा पीएम विश्वकर्मा योजना
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना को भी गुरुवार को पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बंगाल में लागू किया जाएगा। कोलकाता के अलीपुर स्थित धनधान्य आडिटोरियम में योजना से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, इसमें केंद्रीय एमएसएमइ मंत्री जीतन राम मांझी व केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे उपस्थित रहेंगे।
