विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले में तेलंगाना के प्रवासी मजदूर की मौत, एक अन्य भारतीय घायल

Published: Wed, 02 Sep 2026 07:05 PM (IST)

यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले में तेलंगाना के एक भारतीय नागरिक सुदर्शन गौड़ की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ...और पढ़ें

यूक्रेन में रूसी हमले से भारतीय नागरिक की मौत

यूक्रेन में रूसी हमले से भारतीय नागरिक की मौत

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। यूक्रेन में रूसी मिसाइल हमले की चपेट में आने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान तेलंगाना के जगित्याल जिले के हुस्नाबाद गांव निवासी 42 वर्षीय वाविलाला सुदर्शन गौड़ के रूप में हुई है।

चार महीने पहले गए थे यूक्रेन

जानकारी के अनुसार, सुदर्शन गौड़ काम की तलाश में अपने एक रिश्तेदार के साथ लगभग चार महीने पहले यूक्रेन गए थे, जहां उन्हें कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में नौकरी मिल गई थी। यह घटना ओडेसा शहर में उस समय हुई, जब रुसी मिसाइल हमले की चेतावनी का सायरन बजने के बाद वे अपने रहने के स्थान से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान हुए मिसाइल हमले की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। इस हमले में घायल हुए दूसरे भारतीय की पहचान 35 वर्षीय गणेश कल्लेडा के रूप में हुई है।

भारतीय दूतावास ने जताया दुख

यूक्रेन स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि की है। दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर गहरी संवेदना व्यक्ति की और बताया कि वे पीड़ित परिवार के लगातार संपर्क में है।

भारतीय दूतावास ने आश्वासन दिया है कि सुदर्शन गौड़ के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने के लिए यूक्रेनी अधिकारियों और संबंधित निर्माण कंपनी के साथ समन्वय स्थापित कर हर संभव कानूनी व प्रशासनिक मदद दी जा रही है।

स्थानीय विधायक डॉ. संजय कुमार ने भी गौड़ के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में हर संभव सरकारी सहायता का भरोसा दिया है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की का बयान

यह हमला पूरे यूक्रेन में चलाए जा रहे रूसी ड्रोन, गाइडेड एरियल बमों और मिसाइल हमलों की एक बड़ी लहर का हिस्सा था।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि हालिया हमलों में रिहायशी और नागरिक बुनियादी ढाँचे को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसमें एक भारतीय नागरिक सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं।

जेलेंस्की ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि ये हमले अधिक से अधिक जनहानि पहुंचाने के उद्देश्य से किए गए थे।