यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी सरकार में मंत्री बने भाजपा के वरिष्ठ नेता एसएस अहलूवालिया
पश्चिम बंगाल की दार्जिलिंग से लोकसभा सांसद एसएस अहलुवालिया को आज राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

नई दिल्ली, (जेएनएन)। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में से एक एसएस अहलूवालिया को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। अहलूवालिया को राज्यमंत्री के पद की शपथ दिलाई गई।

जानें, अहलूवालिया के बारे में
4 जुलाई 1951 को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में जन्मे अहलूवालिया मौजूदा समय में पार्टी के उपाध्यक्ष भी हैं। अहलूवालिया दार्जिलिंग से लोकसभा से सांसद हैं। इससे पहले वह राज्यसभा में बिहार और झारखंड से सांसद रह चुके हैं। राज्यसभा में वह 1986-1992, 1992-1998, 2000–2006 और 2006-2012 के दौरान सांसद रहे हैं।
अहलूवालिया केंद्र में शहरी विकास मंत्री और संसदीय कार्यमंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा वह राज्यसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका भी निभा चुके हैं। एसएस अहलूवालिया कई बार केंद्र सरकार द्वारा गठित की गई समितियों के सदस्य भी रहे हैं।
1984-86 में वह जीएस ढिल्लो कमेटी के सदस्य थे। इस कमेटी को 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को राहत देने और उनके पुनर्वास के लिए गठित किया गया था।
15 सितंबर 1995 से 16 मई 1996 तक वह केंद्र में शहरी विकास और रोजगार मंत्रालय में राज्यमंत्री रहे। इसी दौरान अप्रैल में उन्हें संसदीय कार्यमंत्री का भी पदभार दिया गया।
अप्रैल 2000 और 2006 में वह बिहार से राज्यसभा के लिए चुने गए।
जून 2010 से मई 2012 तक वो राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता रहे।
मई 2014 में लोकसभा के लिए दार्जिलिंग से चुने गए। यहां पर उन्हें गोरखा जनमुक्ति मोर्चा ने खुलकर समर्थन दिया।
मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार, जानें-किसका बढ़ा कद कौन हुआ शामिल
