'India's Got Latent' विवाद में समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने रद की सभी FIR
सुप्रीम कोर्ट ने 'इंडियाज गॉट लेटेन्ट' विवाद में कॉमेडियन समय रैना और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ दर्ज सभी FIR रद कर दी हैं।

सुप्रीम कोर्ट से समय रैना और रणवीर इलाहाबादिया को बड़ी राहत (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडी शो 'इंडियाज गॉट लेटेन्ट' में दिव्यांगजनों के खिलाफ की गई असंवेदनशील और आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में कॉमेडियन समय रैना और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया को बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस विवाद के संबंध में अलग-अलग राज्यों में दोनों के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को रद कर दिया है।
हालांकि, सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक नैतिकता और अदालत के आदेशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी और नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माना भी लगाया।
दरअसल, रणवीर इलाहाबादिया ने अपने खिलाफ दर्ज सभी FIR को एक साथ जोड़ने (समेकित करने) और दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा की मांग को लेकर सर्वोच्च न्यायालय का रुख किया।
अभिव्यक्ति की आजादी के साथ नैतिकता जरूरी
सुनवाई के दौरान, सुप्रीम कोर्ट ने उनकी टिप्पणियों पर सख्त नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किसी को भी सामाजिक मानदंडों का उल्लंघन करने वाली भाषा का इस्तेमाल करने की छूट नहीं देती। हालांकि, जान से मारने की धमकियों की खबरों के मद्देनजर शीर्ष अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत प्रदान की और पुलिस सुरक्षा मांगने की अनुमति भी दे दी।
अदालत को हल्के में मत लो
इस सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कनाडा में किए गए एक शो के दौरान दिए गए बयानों को लेकर कॉमेडियन समय रैना को कड़ी चेतावनी दी। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, "अदालत को हल्के में मत लें। इन युवाओं को लग सकता है कि हम पुराने जमाने के हैं, लेकिन हम अच्छी तरह जानते हैं कि इनसे कैसे निपटना है।"
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी तब आई है, जब समय रैना ने अपने शो के अंत में कनाडा में दर्शकों से मजाक करते हुए कहा, "मेरे वकील की फीस चुकाने के लिए धन्यवाद।"
क्या था इंडियाज गॉट लेटेंट का विवाद?
इंडियाज गॉट लेटेंट समय रैना का था। इसके एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया, आशीष चंचलानी और रीबेल किड उर्फ अपूर्वा मखीजा आए थे। शो में रणवीर ने माता-पिता के बारे में एक कमेंट किया था और भी कुछ ऐसी बातें की थीं, जिसके चलते सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई।
रणवीर, रीबेल और समय रैना पर FIR तक हुई थी। बाद में समय के इंडियाज गॉट लेटेंट के सारे एपिसोड को यूट्यूब से हटा दिया गया था। इस पर काफी बवाल मचा था।
यह भी पढ़ें- 'दिल से सॉरी अगर लग रहा हम नफरत फैला रहे', Ranveer Allahabadia ने पाकिस्तान के लिए किया ऐसा पोस्ट, हुए ट्रोल

