यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ram Mandir: 'अखंड भारत बनेगा लेकिन...', रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद PM Modi को लेकर मुस्लिम धर्मगुरु ने कह दी बड़ी बात
Ram Mandir Muslim Leader Statement अखिल भारतीय इमाम संगठन के मुख्य अहमद इलियासी ने कहा कि अब हम सब मिलकर इंसानियत को बरकरार रखें दूसरा हम सब भारतीय है ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भगवान श्री रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार को निर्विघ्न पूर्ण हो गई है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अखिल भारतीय इमाम संगठन के मुख्य इमाम डॉ. इमाम उमेर अहमद इलियासी ने कहा कि यह नए भारत का चेहरा है। हमारा सबसे बड़ा धर्म मानवता है। हमारे लिए राष्ट्र पहले है।
हमारी इबादत करने के तरीके अलग लेकिन
इमाम उमेर अहमद इलियासी ने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर है। आज का भारत नवीन भारत, आज का भारत उत्तम भारत, मैं यहां पैगाम-ए-मोहब्बत लेकर आया हूं। आज मेरे साथ यहां स्वामी जी खड़े हैं... इसी का नाम भारत है। हमारी इबादत करने के तरीके अलग जरूर हो सकते हैं, पूजा पद्धति जरूर अलग हो सकती है, हमारी आस्थाएं जरूर अलग हो सकती है, लेकिन हमारा जो सबसे बड़ा धर्म है वह इंसान और इंसानियत का है।
भारत को मजबूत करें, राष्ट्र सर्वोपरि है
अहमद इलियासी ने कहा कि अब हम सब मिलकर इंसानियत को बरकरार रखें, दूसरा हम सब भारतीय हैं, भारत में रहते हैं तो हम सब को चाहिए कि हम अपने भारत को मजबूत करें, यही हमारे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। दूसरी बात यह है कि आज का जो पैगाम है, आज का जो संदेश है वह नफरतों को खत्म करने के लिए है। बहुत रंजिशे हो गई, बहुत दुश्मनी हुई, बहुत लोग मारे गए, बहुत राजनीति हुई, अब हम सबको मिलकर एक होकर भारत को मजबूत करना है।
अखंड भारत हमारा बनेगा लेकिन
इमाम इलियासी ने कहा कि हम सबको मिलकर भारतीयता को मजबूत करना है, राष्ट्रीय सर्वोपरि है। इसी पैगाम को आगे लेकर जाना है। अखंड भारत हमारा बने उसकी दिशा में हम सबको आगे आकर मिलकर यह करना होगा, यही हमारा पैगाम है। जिस तरह से मोदी जी आज पूरे दुनिया के अंदर भारत का नेतृत्व कर रहे हैं तो हम भी सब मिलकर एक साथ होकर अपने राष्ट्र को मजबूत करें, यही हमारा पैगाम है।

