'यह उसकी अपनी पसंद', कंगना के बयान पर कृति सेनन के समर्थन में आए राहुल गांधी
एक ज्वैलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे और पालतू कुत्ते को राखी बांधने को लेकर विवाद ...और पढ़ें

कृति सेनन के समर्थन में उतरे राहुल गांधी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक ज्वैलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया से लेकर सियासत तक घमासान छिड़ गया है। विज्ञापन में अभिनेत्री कृति सेनन के परिधान और पालतू कुत्ते को राखी बांधने के दृश्य को लेकर शुरू हुए विवाद में अब राजनेताओं की भी एंट्री हो गई है।
एक तरफ जहां बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कृति के पहनावे पर सवाल उठाए हैं, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति का खुलकर बचाव किया है।
कृति सेनन के समर्थन में उतरे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन करते हुए उनकी इंस्टाग्राम स्टोरी अपने अकाउंट पर साझा की। राहुल ने लिखा, महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है। अपनी आजादी का इस्तेमाल करने वाली महिलाओं को ट्रोल करना बंद करें।
इसके साथ ही उन्होंने 'Smash the Patriarchy' (पितृसत्ता को खत्म करो) हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।
वहीं, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कंगना रनौत पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है और असली जनमुद्दों पर बात होनी चाहिए।
कंगना रनौत का तंज
बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर बिना नाम लिए कृति के आउटफिट पर तंज कसा।
कंगना ने लिखा, आज की महिला के पास कॉकटेल ड्रेस, साड़ी, जींस से लेकर सलवार-कमीज तक कई विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में आप बिकिनी या अंडरगारमेंट्स जैसे परिधान में अपने भाई को राखी क्यों बांधेंगी? यह विज्ञापन जानबूझकर असहज करने वाला बनाया गया लगता है।
कृति सेनन का पलटवार
ट्रॉलिंग और आलोचनाओं पर चुप्पी तोड़ते हुए कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर करारा जवाब दिया। कृति ने लिखा, हम महिलाओं को यह बताना कब बंद करेंगे कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, किसी कपड़े की नेकलाइन में नहीं।
त्योहार के महत्व पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन सुरक्षा का बंधन है। वह और उनकी बहन एक-दूसरे को तथा अपने पालतू कुत्ते को भी परिवार का हिस्सा मानकर राखी बांधती हैं। त्योहार का सार भावनाओं में है, न कि पहने गए कपड़ों में।
