विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ममता-अखिलेश और तेजस्वी-उद्धव को राहुल ने मिलाया फोन, आज राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारी

Published: Fri, 09 Oct 2026 12:01 AM (IST)

विपक्षी आईएनडीआइए गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेगा।

आईएनडीआइए गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग कर रहा है

आईएनडीआइए गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग कर रहा है

HighLights

  1. आईएनडीआइए गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग कर रहा है

  2. विपक्षी नेता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करने की तैयारी में हैं

  3. मुलाकात न होने पर राष्ट्रपति भवन तक मार्च करने की योजना है

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विपक्षी आईएनडीआइए गठबंधन ने एसआईआर-वोट चोरी विवाद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की अपनी मांग को लेकर राजनीतिक दबाव अब तेज कर दिया है।

विपक्षी सांसदों के राजधानी दिल्ली में पिछले तीन दिनों से लगातार जारी विरोध प्रदर्शन के बीच अब आईएनडीआइए गठबंधन के शीर्ष नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शुक्रवार को मुलाकात करने की तैयारी में हैं।

ममता-अखिलेश और तेजस्वी-उद्धव को राहुल ने मिलाया फोन 

राष्ट्रपति भवन की ओर से विपक्षी नेताओं को मुलाकात का अभी कोई समय नहीं दिया गया है मगर राहुल गांधी ने ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे जैसे आईएनडीआइए गठबंधन के शीर्ष नेताओं को इसके लिए दिल्ली बुलाया है।

विपक्ष ने एलान किया है कि राष्ट्रपति से मुलाकात का समय नहीं मिला तो विपक्षी सांसद शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन तक मार्च करेंगे। समझा जाता है कि विपक्षी गठबंधन के नेताओं की राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए राहुल गांधी ने गुरूवार को विशेष रूप से फोन कर इन वरिष्ठ नेताओं से आने का आग्रह किया।

तृणमूल कांग्रेस-एम की प्रमुख ममता बनर्जी ने गुरूवार को कोलकाता से दिल्ली के लिए रवाना होने से पूर्व परोक्ष रूप से इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि वोट चोरी को लेकर अहम विषय के मद्देनजर उनसे राजधानी आने को कहा गया है।

दुर्गापूजा का समय होने के बावजूद वे जा रही हैं। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि राष्ट्रपति भवन को दो अक्टूबर को ही हमने पत्र भेजकर अनुरोध किया जिसके बाद राष्ट्रपति भवन ने मुलाकात के लिए जाने वाले नेताओं के नाम मांगे गए।

राष्ट्रपति भवन तक मार्च करने की योजना 

पांच अक्टूबर को नेताओं के नाम समेत दुबारा अनुरोध भेजा और सात, आठ या नौ अक्टूबर का समय मांगा है पर हमें अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।

लोकसभा में टीएमसी के नेता अभिषेक बनर्जी ने राजघाट पर विपक्ष के तीसरे दिन हुए विरोध प्रदर्शन के बाद कहा कि राष्ट्रपति से पहले ही लिखित अनुरोध किया जा चुका है और हम सकारात्मक जवाब की उम्मीद कर रहे हैं। 

यदि ऐसा नहीं हुआ तो विपक्षी सांसद पैदल मार्च करते हुए राष्ट्रपति से मुलाकात की मांग के लिए राष्ट्रपति भवन जाएंगे। पिछले हफ्ते एसआईआर-वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष के संयुक्त आंदोलन के एलान के क्रम में राष्ट्रपति से मुलाकात का आइएनडीआइए गठबंधन ने निर्णय लिया था।