'हर घर तिरंगा अभियान में उत्साह के साथ हों शामिल', पीएम मोदी ने लोगों से की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में उत्साह के साथ भाग लेने का आग्रह किया, इसे देश का गौरव और प्रेरणा बताया। ...और पढ़ें

HighLights
पीएम मोदी ने 'हर घर तिरंगा' अभियान में भाग लेने की अपील की।
अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलेगा, तिरंगा देश का गौरव।
'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ पर यह अभियान विशेष।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को लोगों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में उत्साह के साथ भाग लेने का आग्रह किया और कहा कि तिरंगा देश का गौरव है और देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा का स्रोत है। इस साल यह अभियान खास महत्व रखता है, क्योंकि यह राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के साथ हो रहा है।
2022 में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के तहत शुरू हुए 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत हर साल करोड़ों नागरिक स्वेच्छा से राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। इस वर्ष यह अभियान देशभर में नौ से 17 अगस्त तक चलेगा।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया, हमारा तिरंगा हमारा गौरव है और देश के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने की निरंतर प्रेरणा है। आइए हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराएं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का यह अभियान राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम् को समर्पित किया गया है, और यह भी उस समय जब देश वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। एएनआई के अनुसार संस्कृति मंत्रालय ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और 'हर घर तिरंगा' वेबसाइट पर अपनी सेल्फी पोस्ट करें।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)