Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'WFH, पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल और विदेश में शादी नहीं', बढ़ती कीमतों से निपटने के लिए PM मोदी की अपील

    Updated: Sun, 10 May 2026 09:00 PM (IST)

    प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और तेल आपूर्ति संकट के मद्देनजर देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस का संयम से उपयोग करने की अपील की है ...और पढ़ें

    पीएम मोदी की फाइल फोटो।

    पीएम मोदी की फाइल फोटो।

    HighLights

    1. पीएम मोदी ने ईंधन के संयमित उपयोग की अपील की

    2. पश्चिम एशिया तनाव और तेल आपूर्ति संकट का जिक्र किया

    3. हैदराबाद में विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर फिलहाल पेट्रोल, गैस, डीजल और ऐसे अन्य पेट्रोलियम उत्पादों का संयमित तरीके से उपयोग करना समय की मांग है।

    तेलंगाना में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के डिजिटल माध्यम से शिलान्यास और उद्घाटन के मौके पर यहां आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी बल्कि युद्ध के प्रतिकूल प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा।

    राष्ट्रीय हित में वर्क-फ्रॉम-होम सिस्टम को अपनाएं

    इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि जिन शहरों में मेट्रो की सुविधा है, वहां के लोगों को मेट्रो से सफर करने को प्राथमिकता देनी चाहिए। इसके साथ ही जहां निजी वाहनों का इस्तेमाल जरूरी हो, वहां कारपूलिंग को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने EV का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।

    इसके अलावा कोविड-19 महामारी के दौरान अपनाए गए तरीकों को याद करते हुए मोदी ने कहा, "राष्ट्रीय हित में वर्क-फ़्रॉम-होम सिस्टम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंस को एक बार फिर बढ़ावा दिया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने गैर-जरूरी विदेश यात्राओं को कम करके विदेशी मुद्रा बचाने का भी आह्वान किया।

    उन्होंने कहा, "विदेशों में शादियां करने, विदेश घूमने और विदेश में छुट्टियां मनाने का बढ़ता चलन अब मध्यम वर्ग में आम होता जा रहा है। हमें यह तय करना होगा कि संकट के इस दौर में, हम कम से कम एक साल के लिए विदेश यात्राओं को टाल दें।"

    खबरें और भी

    सीएनजी के इस्तेमाल को भी बढ़ावा

    प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत सौर ऊर्जा के मामले में दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो गया है और पेट्रोल में एथनाल मिश्रण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। मोदी ने कहा कि पहले सरकार 100 प्रतिशत एलपीजी कवरेज पर केंद्रित थी और अब इसका ध्यान पाइपलाइन के जरिये गैस की किफायती आपूर्ति पर है। साथ ही साथ सरकार सीएनजी के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दे रही है।

    सुधार एक्सप्रेस पर सवार है: PM

    उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत दुनियाभर में जारी बड़े ऊर्जा संकट का प्रभावी ढंग से सामना कर रहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज सुधार एक्सप्रेस पर सवार है और आधुनिक बुनियादी ढांचा भी तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह तेलंगाना के हर परिवार को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि केंद्र सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए और भी तेजी से काम करती रहेगी।

    पीएम ने कई परियोजनाओं की आधारशिला रखीं

    हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एचआइसीसी) में आयोजित कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और कई अन्य नेता उपस्थित थे। मोदी ने कई परियोजनाओं की आधारशिला रखीं, जिसमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाना शामिल है।

    भारत का पहला पूरी तरह से कार्यशील पीएम मित्र पार्क

    उन्होंने रेलवे की काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के विभिन्न खंडों, हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पीओएल (पेट्रोलियम, आयल, लुब्रिकेंट्स) टर्मिनल, काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास और वारंगल में पीएम मित्र पार्क (काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क) का उद्घाटन भी किया। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूरी तरह से कार्यशील पीएम मित्र पार्क है।

    बीआरएस नेता के बेटे की शादी समारोह स्थल पर हेलीकाप्टर न उतार पीएम ने पेश की मिसाल

    प्रधानमंत्री मोदी का हेलीकाप्टर हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एचआइसीसी) में उतरना था, लेकिन वहीं पर रविवार रात बीआरएस एमएलसी एमसी कोटी रेड्डी के बेटे अजीत रेड्डी की शादी आइपीएस अधिकारी व कराईकल की एसएसपी लक्ष्मी सौजन्या के साथ होने वाली थी। जैसे ही प्रधानमंत्री को यह पता चला कि तो उन्होंने अधिकारियों को हेलीकाप्टर उतारने के लिए किसी दूसरी जगह का इंतजाम करने का निर्देश दिया।

    इसके बाद प्रधानमंत्री ने सड़क के रास्ते 18 किलोमीटर का सफर किया और फिर परियोजनाओं का उद्घाटन किया। शादी समारोह के लगभग 5,000 मेहमानों को निमंत्रण भेजे जा चुके थे। प्रधानमंत्री के इस कदम को विरोधी दलों के विधायकों और जनप्रतिनिधियों ने काफी सराहा।

    यह भी पढ़ें- 'थैंक्स पीएम मोदी जी...', शपथ के बाद सचिवालय पहुंचे सीएम विजय, अधिकारियों को दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश