भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार, पीएम मोदी ने किया एलान
प्रधानमंत्री मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर घोषणा की कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी का प्रबल दावेदार है।

भारत 2036 ओलिंपिक की मेजबानी का मजबूत दावेदार।
HighLights
भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी का मजबूत दावेदार।
5-15 वर्ष के बच्चों के लिए देशव्यापी प्रतिभा खोज।
TOPS और खेलो इंडिया ने खेल विकास में मदद की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए कहा कि भारत 2036 ओलिंपिक की मेजबानी का मजबूत दावेदार है। उन्होंने कहा कि इस बड़े आयोजन में देश की मजबूत मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए पांच से 15 साल की उम्र के होनहार खिलाड़ियों की पहचान करने को देशव्यापी प्रतिभा खोज शुरू करेंगे।
मोदी ने कहा कि सरकार की प्रमुख टारगेट ओलिंपिक पोडियम स्कीम 2014 में शुरू किया गया था। यह योजना एथलीटों को सहायता प्रदान करने में बहुत सफल रही है। उन्होंने कहा कि भारत खेल की दुनिया में अपनी जगह बना रहा है। हम अक्सर अपना राष्ट्रगान सुनते हैं और अपना तिरंगा ऊपर जाते हुए देखते हैं। टाप्स ने बड़ी सफलता हासिल की है।
चाहे खेलो इंडिया गेम्स हों, यूनिवर्सिटी गेम्स, बीच गेम्स, विंटर गेम्स हों या खेल प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स मेडिसिन, स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन हो। इन सब में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत का प्रदर्शन बेहतर हो रहा है और हम 2036 में ओलिंपिक की मेजबानी करने के मजबूत दावेदार हैं। हम 2030 में अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भी करेंगे।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ओलिंपिक में लगभग 40 खेल विधाएं हैं, जिनमें लगभग 350 इवेंट्स होते हैं। यह दुखद है कि हम इनमें से कम से कम दो-तिहाई इवेंट्स में प्रतिस्पर्धा भी नहीं कर पाते हैं, क्योंकि हम क्वालीफाई भी नहीं कर पाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमने फैसला किया है कि 2036 में हमें कम से कम तीन-चौथाई इवेंट्स में भाग लेना चाहिए। हम देश के हर कोने में होनहार खिलाड़ियों की पहचान करने के लिए पांच से 15 साल के बच्चों के लिए एक देशव्यापी प्रतिभा खोज शुरू कर रहे हैं। उन्हें विश्व स्तरीय एथलीट बनने के लिए विशेष प्रशिक्षण मिलेगा। भारत 2036 ओलिंपिक की मेजबानी की दौड़ में शामिल है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
