विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 31, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ईद पर UP और राजस्थान में लहराए फिलिस्तीनी झंडे, नमाजियों ने बांधी काली पट्टी

Published: Mon, 31 Mar 2025 11:04 PM (IST)

ईद-उल-फितर पर उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश दिल्ली सहित कई राज्यों में माजियों ने काली पट्टी बांधकर वक्फ बिल के संशोधन ...और पढ़ें

ईद के मौके पर UP और राजस्थान में लहराए फिलिस्तीनी झंडे।(फोटो सोर्स: जागरण)
ईद के मौके पर UP और राजस्थान में लहराए फिलिस्तीनी झंडे।(फोटो सोर्स: जागरण)

जागरण टीम, नई दिल्ली: ईद-उल-फितर पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार व राजस्थान सहित कई राज्यों में नमाजियों ने काली पट्टी बांधकर वक्फ बिल के संशोधन का विरोध किया। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर और राजस्थान के बारां में फलस्तीन का झंडा लहराया गया।

मुरादाबाद में पुलिस से नोकझोंक के बाद नमाजियों ने जमकर हंगामा किया। अलबत्ता, ज्यादातर राज्यों में ईद का त्योहार उत्साह के साथ मनाया गया। छिटपुट झड़प के बीच ईद की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। 

सहारनपुर में मुस्लिम समुदाय ने लहराए फलस्तीन का झंडा 

इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। उत्तर प्रदेश में ड्रोन और सीसीटीवी से छतों की निगरानी की गई। सहारनपुर में मुस्लिम समुदाय ने जुलूस निकालकर फलस्तीन का झंडा लहराते हुए समर्थन में नारे लगाए।

कई नमाजियों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर वक्फ संशोधन बिल का विरोध जताया। इससे पहले नमाज पढ़ने के लिए ईदगाह जाने के दौरान कई स्थान पर नमाजियों की पुलिस से झड़प हुई।

 मेरठ में ईदगाह में नमाज पढ़ने से पहले फलस्तीन में शांति की अपील करते हुए हाथ में बैनर लेकर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। यह पोस्टर मस्जिद के अंदर जाते और आते लोगों को दिखाया जा रहा था।

मुरादाबाद में पुलिस से नोकझोंक

मुरादाबाद में अधिकारियों ने ईदगाह का मैदान भरने की बात कहकर नमाजियों को रोका तो उनकी पुलिस से नोकझोंक हो गई। नमाजियों ने मैदान में जगह होने की बात कहते हुए हंगामा करना कर दिया। हालात बिगड़ते नजर आए तो अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ मोर्चा संभाला। आनन-फानन में दोबारा से नमाज पढ़ा कराकर किसी तरह माहौल को शांत किया गया। इसे लेकर नमाजियों ने नारेबाजी भी की।

संभल में रही भारी सुरक्षा संभल शाही ईदगाह में 50 हजार से अधिक लोगों ने नमाज पढ़ी। मुस्लिम समाज के कुछ लोगों ने ईदगाह पर नमाजियों पर पुष्पवर्षा भी की। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस-पीएसी, आरएएफ व आरआरएफ की 10 कंपनियां तैनात रहीं। आगरा में नौ बजे ताजमहल में नमाज पढ़ी की गई। इस मौके पर ताजमहल में प्रवेश निश्शुल्क रहा। अलीगढ़ में कुछ नमाजियों ने काली पट्टी बांधकर नमाज पढ़ी। हाथरस में धर्मगुरुओं ने समझाकर काली पट्टियां उतरवा दीं।

अखिलेश का सवाल- यह तानाशाही है या आपातकाल

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को पुलिस पर उन्हें ईद के त्योहार में शामिल होने से रोकने का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल किया कि यह तानाशाही है या आपातकाल? ईद उल फितर के मौके पर लखनऊ की ऐशबाग ईदगाह पहुंचे अखिलेश ने नमाजियों को ईद की मुबारकबाद देने के बाद कहा कि उन्होंने कभी इतनी बैरिकेडिंग नहीं देखी।

बोले कि जब मैं ईदगाह आ रहा था तो पुलिस ने मुझे जान-बूझकर रोका। जब उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूछा कि ऐसा क्यों किया जा रहा है तो किसी के पास कोई जवाब नहीं था। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने भी ईदगाह पहुंच कर सभी को ईद की मुबारकबाद दी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी ऐशबाग ईदगाह पहुंचे।

ईदगाह मार्ग पर गेरू डालने पर हियुवा ने किया प्रदर्शन

बिजनौर जिले के शेरकोट नगर पालिका क्षेत्र में ईदगाह को जाने वाले मार्ग पर पालिका द्वारा चूने के साथ गेरू रंग भी डाला गया। इसकी जानकारी होने पर हिंदू युवा वाहिनी (हियुवा) के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। प्रदर्शन कर ईओ का पुतला फूंका। सीओ को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें: Kishanganj News: ईद पर किशनगंज में बवाल, नमाज पढ़ने को लेकर आपस में भिड़े बिहार और बंगाल के लोग; चली लाठियां