विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 12, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब स्टेडियम में लगेगा जनता दरबार

By Edited By:
Updated: Sun, 12 Jan 2014 09:07 AM (IST)

दिल्ली सचिवालय के बाहर शनिवार को आयोजित जनता दरबार में अप्रत्याशित भीड़ उमड़ने से अव्यवस्था को जो आलम रहा इसे देख मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली, [जासं]। दिल्ली सचिवालय के बाहर शनिवार को आयोजित जनता दरबार में अप्रत्याशित भीड़ उमड़ने से अव्यवस्था को जो आलम रहा इसे देख मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब इस तरह की नौबत नहीं आएगी। उन्होंने इसके लिए दिल्ली की जनता से माफी मांगी और कहा कि उन्हें अफसोस है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए।

भविष्य में जनता की शिकायत सीधे सुनने के लिए लगाए जाने वाले जनता दरबार के बारे में कहा कि अब इस तरह का आयोजन किसी स्टेडियम या खुले मैदान में किया जाएगा। अगला जनता दरबार कब लगाया जाएगा, इसके बारे में उन्होंने कहा कि तीन-चार दिन में यह लोगों को बता देंगे। दिल्ली सचिवालय के समीप स्थित इंदिरा गांधी खेल परिसर होने से आसार हैं कि अगला जनता दरबार वहीं पर आयोजित हो।

पढ़ें : केजरीवाल के दरबार में जनता हुई बेकाबू

केजरीवाल ने कहा कि उन्हें लग रहा था कि जनता दरबार में हजार पांच सौ लोग अपनी व्यथा लेकर आएंगे, लेकिन जिस तादात में जुटे, भीड़ ने पूरे सिस्टम को ध्वस्त कर दिया।

केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोगों की लिखित शिकायत भी ली है, लेकिन इतनी तादाद में लोगों की शिकायतें सुनना असंभव था। उन्होंने यह जानकारी कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।

मानो शिकायतों के अंबार पर बैठी है दिल्ली

मुख्यमंत्री के पहले जनता दरबार में उमड़ी भीड़ से ऐसा लगा कि दिल्ली शिकायतों के अंबार पर बैठी है। यहां हर कोई किसी न किसी समस्या से परेशान है। लोगों की अलग-अलग समस्याएं हैं। कोई ठेकेदारी प्रथा से परेशान है तो कोई निजी समस्या से तो कोई नाली खड़ंजों, बिजली व पानी की समस्या से त्रस्त है। हर कोई उम्मीद लेकर पहुंचा था। कुछ तो सिर्फ इस वजह से खुश हो गए कि मुख्यमंत्री व मंत्री ने उनकी व्यक्तिगत रूप से सुनवाई कर ली। अनेक महिलाएं मुख्यमंत्री को इस रूप में देखकर ही खुश थीं। उनकी टिप्पणी थी कि कुछ दम है इस मुख्यमंत्री में। कुछ लोगों के लिए खुशी की बात यह भी थी कि वह मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत तौर पर मिल पाए। जनता की आशाओं ने ऐसे सैलाब का रूप ले लिया कि मुख्यमंत्री भयभीत हो गए कि कहीं भीड़ उन पर ही न टूट पड़े।

पढ़ें : केजरीवाल पर विजय गोयल और किरण बेदी ने साधा निशाना

केजरीवाल के संबोधन के बाद 11:30 बजे के करीब भीड़ जब शांत हुई तो केजरीवाल मंत्रिमंडल के मंत्री सौरभ भारद्वाज व सोमनाथ भारती फिर जनता के बीच पहुंचे और लोगों से रू-ब-रू हुए। मंत्रियों की टेबल पर दोपहर एक बजे तक लोग अपनी शिकायतें देते रहे। लेकिन बहुत से लोगों को शिकायत नहीं सुने जाने के कारण निराश होकर लौटना पड़ा। ऐसे अफरातफरी के माहौल में कई लोगों के मोबाइल और पर्स भी चोरी हो गए। एक पत्रकार का मोबाइल उस समय पार हो गया, जब वह कानून मंत्री सोमनाथ भारती से बातचीत कर रहा था। मोबाइल व पर्स चोरी होने के थाने में छह मामले दर्ज हुए हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर