Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Loksabha Election 2024: मोदी टटोलेंगे जनता का मन, खरा उतरने वाले ही पाएंगे लोकसभा का टिकट, NaMo app ने शुरू किया सर्वेक्षण

    By Jagran NewsEdited By: Abhinav Atrey
    Updated: Tue, 19 Dec 2023 07:30 PM (IST)

    तीसरी बार सत्ता में आने के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछा रही भाजपा एक-एक मोहरा पूरी तरह जांच-परखकर उतारेगी। इस दिशा में पार्टी ने कदम आगे बढ़ा दिया है। न ...और पढ़ें

    लोगों का मूड जानने के लिए NaMo app ने शुरू किया सर्वेक्षण (फाइल फोटो)
    लोगों का मूड जानने के लिए NaMo app ने शुरू किया सर्वेक्षण (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. नमो एप पर 'जनमन सर्वे' के साथ शुरू हुई प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया
    2. क्षेत्र में आम जनता से पूछे आएंगे लोकप्रिय तीन भाजपा नेताओं के नाम
    3. 14 प्रश्नों पर फीडबैक से बनेगा केंद्र सरकार व सांसदों का रिपोर्ट कार्ड

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लिए अपनी चुनावी बिसात बिछा रही भाजपा एक-एक मोहरा पूरी तरह जांच-परखकर उतारेगी। इस दिशा में पार्टी ने कदम आगे बढ़ा दिया है। नमो एप पर शुरू किए गए जनमन सर्वे के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी खुद जनता का मन टटोलने जा रहे हैं। इसके स्पष्ट संकेत हैं कि आमजन के मन में खरे उतरने वाले ही इस बार लोकसभा का टिकट पाएंगे।

    सर्वे में पूछे गए प्रश्नों के आधार पर केंद्र सरकार और प्रत्येक सांसद का रिपोर्ट कार्ड भी बनाया जाना है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नमो (नरेन्द्र मोदी) एप पर शुरू हुए सर्वे को एक्स पर पोस्ट करते हुए जनता से आग्रह किया कि वे सरकारी योजनाओं और अपने क्षेत्र में हो रहे विकास आदि पर अपने विचार रखें।

    चुनाव में जनता के बीच जाने का मन बना चुकी भाजपा

    विकास आधारित राजनीति का दावा करने वाली भाजपा इस बार बारीकी से काम के आकलन के साथ ही चुनाव में जनता के बीच जाने का मन बना चुकी है। सरकार आंख मूंदकर अपनी पीठ थपथपाने के बजाय जनता से ही पूछने चली है कि उसके मन में सरकार किन-किन मानकों पर खरी उतरी है। दरअसल, भाजपा ने नमो एप पर जनमन सर्वे शुरू किया है। इस सर्वे में कोई भी व्यक्ति अपना नाम, मोबाइल नंबर, शहर और संसदीय क्षेत्र आदि का ब्योरा भरकर पंजीयन करा सकता है।

    ऑनलाइन सर्वे में कुल 14 प्रश्न पूछे गए

    इस ऑनलाइन सर्वे में कुल 14 प्रश्न पूछे गए हैं। इसमें सबसे पहला प्रश्न सरकार को लेकर ही है कि मोदी सरकार के समग्र प्रदर्शन से आप कितने संतुष्ट हैं? जनता का मन इस पर टटोला जा रहा है कि पिछली सरकारों के समय की तुलना में अब उसकी आशाएं कितनी मजबूत हुई हैं।

    खबरें और भी

    विश्व में भारत की बढ़ती साख पर जनता की राय ली जा रही है। आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार के अवसर, किसानों की संपन्नता, भ्रष्टाचार मुक्त शासन, महिला सशक्तीकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा सहित 11 बिंदुओं पर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि इन मानकों पर मोदी सरकार को लेकर जनता का क्या आकलन है।

    एक-एक सांसद के प्रदर्शन का लेखाजोखा तैयार किया जाएगा

    सिर्फ सरकार ही नहीं, इस सर्वे के माध्यम से एक-एक सांसद के प्रदर्शन का लेखाजोखा तैयार किया जाना है। सांसद के प्रदर्शन और उपलब्धता पर क्षेत्र के नागरिकों का फीडबैक लेने के साथ ही ये बिंदु भी शामिल किए गए हैं कि क्या आप अपने सांसद द्वारा की गई पहलों से वाकिफ हैं? क्या आप अपने सांसद के काम से संतुष्ट हैं और क्या आपके सांसद क्षेत्र में लोकप्रिय हैं? विकास के प्रति सांसद कितने सक्रिय रहे हैं, इसका आकलन करने के लिए क्षेत्र के निवासियों से सड़क, पेयजल, शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य आदि पर पूछा है कि वे कितने संतुष्ट हैं?

    अंकों के आधार पर मिलेगा सांसदों को टिकट

    ये बिंदु मौजूदा सांसदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करेंगे। अंकों के आधार पर तय किया जाएगा कि उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में उतारा जाए या नहीं। इतना ही नहीं, इस सर्वे के माध्यम से भाजपा नए संभावित प्रत्याशियों की तलाश भी करना चाहती है। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि जनता से क्षेत्र के तीन सबसे लोकप्रिय भाजपा नेताओं के नाम भी पूछे गए हैं। उल्लेखनीय है कि नमो एप की निगरानी सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा की जाती है।

    प्रधानमंत्री मोदी की रहती है नजर

    इस एप के माध्यम से सरकार और संगठन से जुड़ी गतिविधियों पर प्रधानमंत्री मोदी की भी नजर रहती है। माना जा रहा है कि नमो एप के इस सर्वे में मिलने वाले फीडबैक से प्रधानमंत्री खुद अपने मौजूदा सांसदों की कॉपी जांचने वाले हैं।

    क्या आप 2024 में भाजपा को वोट देंगे?

    सरकार और सांसदों के प्रदर्शन का आकलन करने के साथ ही इन 14 प्रश्नों में यह प्रश्न भी शामिल है कि क्या आप 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट देना चाहेंगे? इसके पहले यह प्रश्न भी पूछा गया है कि आपके लिए महत्वपूर्ण मुद्दा क्या है। इसमें विकास संबंधी कार्यों के साथ ही प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी, राजनीतिक दल और राष्ट्रवाद के भी विकल्प दिए गए हैं।

    ये भी पढ़ें: Parliament Winter Session: लोकसभा में कांग्रेस के राहुल-सोनिया समेत 9 सांसद बचे, दहाई के आंकड़े पर सिमटा विपक्ष