'वंदे मातरम् को धर्म से जोड़ना बंटवारे के बीज बोने के समान' राष्ट्रगीत पर भाजपा की दो टूक
भाजपा ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को गाने से इनकार करना और इसे किसी धर्म से जोड़ना राज्य में बंटवारे के जहरीले बीज बोने के समान है। ...और पढ़ें

वंदे मातरम् को धर्म से जोड़ना बंटवारे के बीज बोने के समान- भाजपा
HighLights
कृष्णदास ने कहा- पार्टी राज्य के सभी जिला केंद्रों पर राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गान करेगी
यूडीएफ और एलडीएफ को राष्ट्र विरोधी बताया, कहा- भाजपा इनका हर स्तर पर मुकाबला करेगी
पीटीआई, कासरगोड (केरल)। भाजपा ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को गाने से इनकार करना और इसे किसी धर्म से जोड़ना राज्य में बंटवारे के जहरीले बीज बोने के समान है। पार्टी ने लोगों से ऐसे प्रयासों का विरोध करने की अपील की।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति के सदस्य पीके कृष्णदास ने यहां एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि पार्टी 15 अगस्त को राज्य के सभी जिला केंद्रों पर राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गान करेगी।
उन्होंने कांग्रेस और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) पर केरल समाज में विभाजन के बीज बोने का आरोप लगाया। कृष्णदास ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि राज्य में सत्तारूढ़ यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् गाने की योजना नहीं बना रही है।
उन्होंने इसे असंवैधानिक निर्णय बताते हुए कहा कि भाजपा 15 अगस्त को सभी जिला केंद्रों पर राष्ट्रीय गीत का विशाल सामूहिक गान आयोजित करेगी। कृष्णदास ने एक सरकारी स्कूल के उस शिक्षक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई पर आश्यर्च जताया, जिन्होंने वीडी सावरकर को अंग्रेजों के हाथों अधिकतम सजा पाने वाले स्वतंत्रता सेनानी बताया था।
कहा कि कांग्रेस और आईयूएमएल का सावरकर के खिलाफ रुख समाज में विभाजन के बीज बोने का प्रयास है। कृष्णदास ने यूडीएफ और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) को राष्ट्र विरोधी बताया और कहा कि भाजपा उनके निर्णयों का राजनीतिक और कानूनी स्तर पर मुकाबला करेगी
खबरें और भी
कोई भी राष्ट्रीय गीत या राष्ट्र गान गाने से इनकार नहीं कर सकता
चंद्रशेखर तिरुअनंतपुरम से एएनआई के अनुसार, केरल भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने विपक्ष के नेता पिनराई विजयन पर हमला बोला। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर पूरे 'वंदे मातरम्' को गाने के निर्देश को वापस लेने की मांग पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
चंद्रशेखर ने कहा कि कोई भी राष्ट्रीय गीत या राष्ट्र गान गाने से इन्कार नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत को राष्ट्र गान से अलग क्यों माना जाना चाहिए?
भाजपा नेता वी. मुरलीधरन ने भी विजयन के निर्देश की यह कहते हुए आलोचना की कि संसद का फैसला पूरे देश में लागू होता है। इससे पूर्व विजयन ने आरोप लगाया था कि 'वंदे मातरम्' का पूरा गायन अनिवार्य बनाना आरएसएस के एजेंडे को थोपने के समान है।