मेटा टीम के साथ फिर होगी सरकार की बैठक, आपत्तिजनक कंटेंट और डीपफेक पर उठाए गए कदमों की होगी समीक्षा
आईटी मंत्रालय इस हफ्ते मेटा टीम से मिलकर आपत्तिजनक कंटेंट, डीपफेक और बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को हटाने में हुई प्रगति की समीक्षा करेगा। ...और पढ़ें

सरकार और मेटा की फिर होगी बैठक
HighLights
आईटी मंत्रालय मेटा के साथ आपत्तिजनक कंटेंट हटाने की प्रगति जाँचेगा।
डीपफेक और बच्चों के यौन शोषण सामग्री पर हुई प्रगति की समीक्षा।
पिछले हफ्ते आईटी मंत्री ने मेटा टीम से कड़े सवाल पूछे थे।
नई दिल्ली, पीटीआई : आईटी मंत्रालय के अधिकारी इस हफ्ते के आखिर में मेटा की टीम से मिलेंगे। वे इस बात का जायजा लेंगे कि इंटरनेट मीडिया कंपनी ने किन मुद्दों पर क्या प्रगति की है।
इन मुद्दों में फेक और नुकसानदेह कंटेंट को हटाने के बाद भी उसके दोबारा सामने आने और बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट से निपटने जैसे मामले शामिल हैं, जिन पर कई दौर की बातचीत हो चुकी है।
पिछले हफ्ते मेटा और सरकार के बीच लगातार तीन दिन बैठकें हुईं, जिनमें आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कंपनी की वैश्विक टीम से कड़े सवाल-जवाब किए।
शुक्रवार को बातचीत का एक टेक्निकल दौर हुआ, जिसमें सोशल मीडिया कंपनी ने बताया कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर डीपफेक, बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट और बिना लेबल वाले सिंथेटिक रूप से बनाए गए कंटेंट को लेकर सरकार की चिंताओं को कैसे दूर करने की योजना बना रही है।
सरकार ने मेटा से खास कदम उठाने और उनके नतीजों के बारे में जानकारी देने को कहा था। सूत्रों ने बताया कि कई दौर की बातचीत के बाद हुई प्रगति का आकलन करने के लिए इस हफ्ते के आखिर में अगली बैठक तय की गई है।
पिछले हफ्ते, बुधवार और गुरुवार को वैष्णव ने मेटा की टीम से कंटेंट रिकमेंडेशन एल्गोरिदम और इंटरनेट मीडिया कंपनी के स्थानीय कानूनों के पालन के बारे में सवाल किए थे।