विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-UP, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, लौट रहा है नया मानसूनी सिस्टम

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:22 PM (IST)

देश के कई राज्यों, खासकर यूपी, बिहार और ओडिशा में मानसून सक्रिय है, IMD ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी (फोटो-PTI)

उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी (फोटो-PTI)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इस समय मानसून अपने चरम पर है। खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में जमकर बदरा बरस रहे हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में देश के पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और मिजोरम में भारी बारिश दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अगले चार दिनों तक आसपास के राज्यों में मध्यम से भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

अंडमान से असम तक बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान कई राज्यों में जोरदार बारिश हुई है। अंडमान और निकोबार के लॉन्ग आईलैंड और असम के आम्रघ में सबसे ज्यादा 12 सेमी बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल के हल्दिया में 10 सेमी, यूपी के मुहम्मदी और मिजोरम के कोलासिब में 9 सेमी, ओडिशा के नवरंगपुर में 8 सेमी तथा पश्चिमी मध्य प्रदेश के निवाली में 7 सेमी पानी बरसा है।

11 सितंबर से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती प्रणालियों और ट्रफ लाइनों के साथ-साथ अब बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दवाब का क्षेत्र यानी लो प्रेशर एरिया बन रहा है। 11 सितंबर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तटों के पास बनने वाले इस सिस्टम की वजह से देश में बारिश का एक और नया दौर शुरू होगा।

IMD ने 10 सितंबर को ओडिशा में और 12 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है।

इसके साथ ही 11 से 14 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में, जबकि 13 और 14 सितंबर को मध्य प्रदेश में भारी बारिश और गर्जना की संभावना है।

मध्य भारत में बारिश और आंधी का दौर

मौसम विभाग के अनुसार, 12 से 14 सितंबर के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश और 10 से 14 सितंबर तक छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में बारिश होगी।

इसके अलावा 8 से 14 सितंबर के बीच विदर्भ, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में भी मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, 8 से 10 सितंबर के बीच आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

दिल्लीवासियों के लिए राहत 11 सितंबर को आएगी। इस दिन आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और सुबह से रात के बीच हल्के से मध्यम स्तर की बारिश के दो दौर आ सकते हैं।

बारिश के चलते तापमान गिरकर 31 डिग्री से 33 डिग्री के बाच आ जाएगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

(सोर्स-IMD)