हैदराबाद के पब में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, 2 घायल; पुलिस ने दर्ज किए तीन मामले
हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित 'कारा कारा' पब में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। हैदराबाद के जुबली हिल्स में एक पब में दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इस झड़प के दौरान दो लोग घायल हो गए और पब व पार्किंग में खड़े वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने मारपीट करने वाले दोनों गुटों और तय समय सीमा के बाद पब का संचालन करने वाले प्रबंधन ('कारा कारा' पब) के खिलाफ कुल तीन अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाउंसरों ने किया बीच-बचाव
यह घटना शनिवार की देर रात जुबली हिल्स इलाके के एक होटल में मौजूद पब में हुई, जब पब के अंदर दोनों गुटों में झड़प हुई तो स्थिति हिंसक हो गई। बहस के दौरान जब पब की संपत्ति में तोड़फोड़ की गई, तो बाउंसरों ने बीच-बचाव किया।
हालांकि, जब ये गुट पार्किंग एरिया की ओर बढ़े तो स्थिति फिर से बिगड़ गई। पार्किंग लॉट में बड़ी संख्या में लोग हिंसक झड़प करते देखे गए, जहां खड़ी कारों को नुकसान पहुंचाया गया और लोगों के साथ मारपीट की गई।
इस झड़प के दौरान तेलंगाना कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य अनिल कुमार यादव के भाई अरविंद यादव भी वहां मौजूद थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि दो मामले झड़प में शामिल गुटों के खिलाफ दर्ज किए गए, जबकि एक मामला पब 'कारा कारा पब' - के मैनेजमेंट के खिलाफ तय समय के बाद भी पब चलाने के लिए दर्ज किया गया।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों का एक समूह एक व्यक्ति को धक्का देकर जमीन पर गिराते और बहस के दौरान उसे बार-बार पीटते हुए दिख रहा है। (समाचार एजेंसी IANS के इनपुट के साथ)
