विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हैदराबाद के युवक की अमेरिका में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, 17 दिन पहले हुई थी शादी

Published: Thu, 17 Sep 2026 01:08 PM (IST)

अमेरिका में कार्यरत हैदराबाद के मोहम्मद जाबेर हुसैन की शादी के 17 दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ...और पढ़ें

हैदराबाद के मोहम्मद जाबेर हुसैन की अमेरिका में संदिग्ध मौत (फोटो-सोशल मीडिया)

हैदराबाद के मोहम्मद जाबेर हुसैन की अमेरिका में संदिग्ध मौत (फोटो-सोशल मीडिया)

HighLights

  1. हैदराबाद के मोहम्मद जाबेर हुसैन की अमेरिका में संदिग्ध मौत।

  2. शादी के केवल 17 दिन बाद मैसाचुसेट्स में मृत पाए गए।

  3. परिवार ने शव वापसी के लिए भारत सरकार से मदद मांगी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में रहने वाले हैदराबाद के मोहम्मद जाबेर हुसैन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। हुसैन की 17 दिन पहले ही शादी हुई थी। 28 साल के मोहम्मद जाबेर हुसैन मैसाचुसेट्स के लोवेल में अपने घर में मृत पाए गए। मोहम्मद जाबेर हुसैन अमेरिका में एक सिविल इंजीनियर के तौर पर काम करते थे।

परिवार ने भारत सरकार से लगाई गुहार

हुसैन के परिवार ने भारत सरकार से उसका शव वापस लाने के लिए मदद मांगी। परिवार का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और हुसैन के शव को वापस हैदराबाद लाने की व्यवस्था करने में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

MBT के नेता मदद के लिए आए आगे

हुसैन के परिवार की अपील को देखते हुए मजलिस बचाओ तहरीक के प्रवक्ता अमजद उल्लाह खान आगे आए। अमजद उल्लाह खान ने हुसैन के पिता के द्वारा विदेश मंत्री को लिखे पत्र को X पर पोस्ट किया।

खान ने 'X' पर एक पोस्ट में लिखा, 'इस बेहद दुख की घड़ी में परिवार को भारत सरकार के सहयोग की जरूरत है। मुझे पूरी उम्मीद है कि आप बिना किसी देरी के जाबेर को उनके परिवार के पास वापस लाने के लिए तुरंत मानवीय आधार पर दखल देंगे।'

आखिरी बार 14 सितंबर को परिवार से हुई थी बात

हुसैन के पिता मोहम्मद जाकिर हुसैन ने जानकारी देते हुए बताया, 'उनके बेटे की 28 अगस्त को टेक्सास में शादी हुई थी। शादी के बाद वह मैसाचुसेट्स लौट आए, जहाँ वो काम करते थे। हालांकि ये साफ नहीं है कि उनकी पत्नी भी उनके साथ लौटी थी या नहीं।'

परिवार के मुताबिक हुसैन ने आखिरी बार 14 सितंबर को उनसे बात की थी। परिवार से बात करने के लगभग 8 घंटे बाद उनके रूममेट ने परिवार को फोन करके हुसैन की मौत की खबर दी। हुसैन के रूममेट ने नींद में ही हुसैन की मौत का दावा किया।

मेडिकल रिपोर्ट का है इंतजार

हुसैन को घटना के बाद तुरंत मेडिकल मदद मिली या नहीं ये अभी साफ नहीं है। परिवार अभी भी पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। ताकि मौत के हालात का पता चल सके।

कौन था मोहम्मद जाबेर हुसैन?

हुसैन 2021 में कनेक्टिकट की यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू हेवन से सिविल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री करने के लिए अमेरिका गया था। हुसैन के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक 2023 में डिग्री पूरी तरने के वह एस्टिमेटर नाम की फर्म में इंटर्न के तौर पर शामिल हुए थे।

बाद में, उन्होंने ग्रीन इंटरनेशनल एफिलिएट्स इंक नाम की एक और कंपनी में काम करना शुरू किया, जहाँ उन्होंने तीन साल से ज्यादा समय तक काम किया। इस साल उन्होंने फिर से नौकरी बदली और मैसाचुसेट्स में स्थित 'लोचनर' नाम की कंपनी में काम कर रहे थे।

यह भी पढ़ें- हैदराबाद: गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से 6 बच्चों की मौत