विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Vande Bharat: लोगों को पसंद आ रहा वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर, मुंबई-गांधीनगर रूट पर ऑक्यूपेंसी दर सबसे अधिक

By AgencyEdited By: Devshanker Chovdhary
Updated: Wed, 15 Feb 2023 07:17 PM (IST)

विभिन्न रूटों पर चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को खूब पसंद किया जा रहा है। इस वित्त वर्ष में बिलासपुर और नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में सबसे कम ऑक्यूपेंसी थी। वहीं मुंबई और गांधीनगर रूट पर सबसे अधिक यात्रियों ने इसकी सवारी की। File Photo

लोगों को पसंद आ रहा वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर।
लोगों को पसंद आ रहा वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर।

नई दिल्ली, पीटीआई। देशभर में विभिन्न रूटों पर चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को खूब पसंद किया जा रहा है। इस वित्त वर्ष (2022-23) में बिलासपुर और नागपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में सबसे कम ऑक्यूपेंसी थी। वहीं, मुंबई और गांधीनगर रूट पर सबसे अधिक यात्रियों ने इसकी सवारी की। बता दें कि यह आंकड़ा जनवरी तक का है, जिसमें देश में चलने वाली 8 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शामिल हैं।

मुंबई-गांधीनगर रूट पर सबसे अधिक ऑक्यूपेंसी रेट

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में 55 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रेट थी, जबकि मुंबई-गांधीनगर रूट पर सबसे अधिक 126 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रेट दिखाई गई है। इसका मतलब है कि मुंबई-गांधीनगर रूट पर यात्रियों की लंबी लाइन थी। बिलासपुर और नागपुर, नई दिल्ली और अंब अंदौरा (हिमाचल प्रदेश) और चेन्नई सेंट्रल (एमएएस) और मैसूर जंक्शन के बीच वंदे भारत ट्रेनों ने चालू वित्त वर्ष के दौरान क्रमशः 55 प्रतिशत, 70 प्रतिशत और 75 प्रतिशत की औसत ऑक्यूपेंसी दर्ज की, जबकि अन्य पांच मार्गों पर ऑक्यूपेंसी रेट 100 प्रतिशत औसत रहा।

मुंबई और गांधीनगर के बीच सबसे अधिक यात्री

बता दें कि मुंबई और गांधीनगर व गांधीनगर से मुंबई के बीच दोनों रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस को सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है। इन दोनों रूटों पर औसत ऑक्यूपेंसी रेट से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है। मुंबई और गांधीनगर के रूट पर 126.24 प्रतिशत और गांधीनगर और मुंबई रूट पर 127.74 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रेट दर्ज की गई।

नई दिल्ली और वाराणसी के बीच हुई थी शुरुआत

इस दौरान, सिकंदराबाद-विशाखापट्टनम रूट पर 125.76 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रेट दर्ज की गई। आपको बता दें कि देश में सबसे पहली बार नई दिल्ली और वाराणसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी, जिस रूट पर 125.76 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रेट दर्ज की गई। जानकारी के अनुसार, 100 फीसदी से अधिक ऑक्यूपेंसी वाली ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट वाले यात्री भी शामिल थे।

औसत ऑक्यूपेंसी दर 100.72 प्रतिशत दर्ज

बता दें कि 2019 में देश में सबसे पहले नई दिल्ली और वाराणसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हुई थी। शुरुआत में इसका नाम ट्रेन 18 था, जिसे बदलकर वंदे भारत एक्सप्रेस कर दिया गया। यह देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन है। जनवरी तक देश में 8 जोड़ी ट्रेनें चल रही थी, जिसमें 20 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की है। साथ ही सभी ट्रेनों का औसत ऑक्यूपेंसी दर 100.72 प्रतिशत दर्ज की गई।

यह भी पढ़ें: एग्री-स्टार्टअप की सफलता के लिए नया आइडिया, सस्ता प्रोडक्ट और शुरू से फंडिंग के प्रयास जरूरी

यह भी पढ़ें: Fact Check: CAA और एनआरसी को लागू करने का दावा गलत, अधिसूचित होने के बाद भी लागू नहीं किया जा सका है CAA