'राहुल रोबोट', कांग्रेस सांसद ने चीनी रोबोट सेना को लेकर दी चेतावनी तो BJP ने कसा तंज
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चीन के रोबोट विकास पर भारत को LAC पर रोबोट PLA का सामना करने की ...और पढ़ें

मनीष तिवारी की टिप्पणी पर बीजेपी ने कांग्रेस पर कसा तंज। (फाइल फोटो।)
HighLights
मनीष तिवारी ने LAC पर रोबोट PLA से सावधान रहने को कहा।
भारत की टेक्नोलॉजी में चीन से पीछे होने की बात कही।
भाजपा ने कांग्रेस को चीन समर्थक, राहुल गांधी को रोबोट कहा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एक चीनी कंपनी के यह दावा करने के कुछ दिनों बाद कि उसके रोबोट ने उसेन बोल्ट का 100 मीटर का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है, कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भारत को चेतावनी दी। इस पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने तंज कसा है।
तिवारी ने चेतावनी दी कि अगर भारत अपनी मिलिट्री टेक्नोलॉजी को आगे नहीं बढ़ाता है तो उसे जल्द ही लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) पर रोबोट से चलने वाली पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) का सामना करना पड़ सकता है।
'टेक्नोलॉजी के मामले में हम चीन से बहुत पीछे'
कांग्रेस सांसद ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट किया, "अगर भारत ने सावधानी नहीं बरती तो उसे जल्द ही एलएसी पर रोबोट पीएलए का सामना करना पड़ सकता है। चीन द्वारा ह्यूमनॉइड रोबोट के शानदार विकास से हमें यह हकीकत समझ लेनी चाहिए कि एक उभरती हुई बड़ी ताकत होने के तमाम दावों के बावजूद, टेक्नोलॉजी के मामले में हम चीन से असल में कितने पीछे हैं और यह तो बस एक ही क्षेत्र है।"
तिवारी ने आगे कहा, "आज चीन 75 अहम टेक्नोलॉजी में से 67 में अमेरिका से आगे है।"
बीजेपी ने किया पलटवार
तिवारी की पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस की मानसिकता को चीनी करार दिया। पात्रा ने कहा, "सबसे पहले हमें एलएसी पर कांग्रेस की सोच से लड़ना होगा। डोकलाम में आमने-सामने की स्थिति के दौरान वही लोग चीनी टेंट के अंदर पाए गए थे।"
उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और उन्हें चीनी रोबोट कहा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "राहुल गांधी ने कहा था कि हमारी सेना को मार डाला (चीनियों ने हमारी सेना को बुरी तरह हराया है)। वह चीनी रोबोट हैं। हमें उनकी सोच से लड़ना होगा।"
किस मामले पर हुई बयानबाजी?
दरअसल, पिछले हफ्ते एक चीनी ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर की दौड़ 9.39 सेकंड में पूरी करके दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा। यह समय जमैका के धावक उसेन बोल्ट के 9.58 सेकंड के पुरुष विश्व रिकॉर्ड से भी तेज था।
चीनी रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री ने दावा किया है कि उसका नया ह्यूमनॉइड रोबोट "सुपरमैन" 12.66 मीटर प्रति सेकंड या लगभग 45.6 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड से दौड़ सकता है।
यह भी पढ़ें: 'मौजूदा प्रश्नावली तुरंत वापस लें, तरीका ठीक नहीं'; जाति जनगणना पर खरगे-राहुल गांधी की पीएम मोदी को चिट्ठी
