CJP का देशव्यापी प्रदर्शन: राहुल गांधी ने INDI गठबंधन के साथ मिलकर बनाई आगे की रणनीति
राहुल गांधी के नेतृत्व में INDI गठबंधन ने छात्रों के समर्थन में देशव्यापी प्रदर्शन और आगे की रणनीति बनाई है। ...और पढ़ें

राहुल गांधी ने INDI गठबंधन के साथ बनाई आगे की रणनीति (फोटो-पीटीआई)
HighLights
विपक्ष ने नीट पेपर लीक पर शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग की।
राहुल गांधी ने छात्रों के समर्थन में INDI गठबंधन की बैठक बुलाई।
छात्रों के साथ हिंसा पर कार्रवाई और माफी की मांग।
संजय मिश्र, नई दिल्ली। कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल पेपर लीक मामले में शिक्षामंत्री धर्मेद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों की मांग का समर्थन करते हुए लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस्तीफे की अनिवार्यता की लकीर खींच साफ कर दिया है कि विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरेबंदी से बाहर निकलने की कोई गुंजाइश नहीं देना चाहता।
मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस विशेषकर राहुल गांधी ने विपक्ष के अपने सहयोगी दलों को छात्रों के आंदोलन के पक्ष में गोलबंद करने की पहल तेज कर दी है।
राहुल गांधी के घर INDI गठबंधन की बैठक
छात्रों के समर्थन में शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन की सीजेपी की अपील के मद्देनजर राहुल गांधी ने गुरूवार शाम विपक्षी दलों के कुछ नेताओं और सांसदों की बैठक बुलाकर आगे की संयुक्त रणनीति पर मंत्रणा की।
इस बैठक में ही राहुल गांधी के नेतृत्व में आइएनडीआइए गठबंधन के सांसदों ने छात्रों के खिलाफ पुलिस के बल प्रयोग तथा नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले बच्चों के समर्थन में गांधी स्मृति जाने का फैसला लिया गया।
नेता विपक्ष के सरकारी आवास पांच सुनहरी बाग पर हुई बैठक के उपरांत विपक्ष के इस संयुक्त फैसले को खुद एक्स पोस्ट पर साझा करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'अभी, आइएनडीआइए गठबंधन के सांसद और नेता शांतिपूर्ण तरीके से तीस जनवरी मार्ग पर गांधी स्मृति जा रहे हैं।'
खबरें और भी
राहुल गांधी ने आगे कहा, 'हम उन छात्रों को याद करने जा रहे हैं जिन्हें हमने खो दिया। वे बच्चे जिन्हें नीट पेपर लीक के बाद अपनी जान देने के लिए मजबूर होना पड़ा। और हम उन छात्रों के साथ खड़े होने जा रहे हैं जो आज घायल हैं। जिन्हें न्याय और जवाबदेही की शांतिपूर्ण मांग करने पर पीटा गया। भारत के छात्र अकेले नहीं हैं। पूरा विपक्ष उनके और उनकी मांगों के साथ खड़ा है।'
विपक्ष के कड़े होते तेवरों का संकेत सुबह पीएम मोदी के पेपर लीक पर फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के आश्वासनों पर नेता प्रतिपक्ष ने जवाबी पलटवार से भी मिल गया था कि संसद से लेकर सड़क तक छात्रों के सवाल पर विपक्ष का संग्राम अब थमने वाला नहीं बल्कि तेज होगा।
सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी के आवास पर विपक्षी सांसदों की हुई बैठक का संकेत साफ है कि आइएनडीआइए गठबंधन छात्रों की पिटाई से लेकर पेपर लीक के मामले में अब अधिक आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए सरकार को उनके बीच दरार पैदा करने की गुंजाइश नहीं देना चाहता।
संसद मार्च के दौरान छात्रों की पिटाई के मुद्दे पर पीएम आवास के सामने धरना प्रदर्शन कर शिक्षामंत्री के इस्तीफे के लिए राजनीतिक पारा बढ़ा चुके राहुल गांधी ने गुरूवार को पीएम के फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने संबंधी एक्स पोस्ट पर जवाबी हमला कर विपक्ष के पीछे नहीं हटने की मंशा साफ कर दी।
पीएम मोदी के पोस्ट को टैग कर जवाबी पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा, 'आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। आपने न सिर्फ हमारी शिक्षा व्यवस्था पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया। छात्रों की मांगें साफ हैं। पहला धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाए। दूसरा छात्रों से माफी मांगे। तीसरा छात्रों के साथ हिंसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।'