महाराष्ट्र में बाढ़ में बही कार, पेड़ के सहारे बची पति की जान; पत्नी और दो बेटियों ने तोड़ा दम
महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में बाढ़ के पानी में बह गई एक एसयूवी से एक महिला और उसकी दो बेटियों के शव बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को गाड़ी के साथ तीनों क ...और पढ़ें

महाराष्ट्र में बाढ़ में बह गई कार, पेड़ से चिपककर बच गया पति; पत्नी और दो बेटियों की मौत
HighLights
घटना गुरुवार को हुई जब परिवार अहिल्यानगर जिले के लोनी क्षेत्र जा रहा था
प्रशासन ने रातभर गहन तलाशी अभियान चलाया और अंत में तीनों शव बरामद कर लिए
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में बाढ़ के पानी में बह गई एक एसयूवी से एक महिला और उसकी दो बेटियों के शव बरामद किए गए हैं। शुक्रवार को गाड़ी के साथ तीनों के शव मिले।
घटना गुरुवार को हुई जब परिवार अहिल्यानगर जिले के लोनी क्षेत्र जा रहा था। भारी बारिश के कारण दरवाहा क्षेत्र में कुप्ती नदी का पानी पुल पर चढ़ गया था। ड्राइवर ने नदी की गहराई और तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगाया, जिससे गाड़ी पानी में बह गई।

गाड़ी बहते समय अविनाश खंडारे ने तत्कालीन सूझबूझ से एक पेड़ से चिपककर अपनी जान बचा ली, लेकिन वे बेबस होकर अपनी पत्नी माधवी और दो छोटी बेटियों को गाड़ी के अंदर तेज धारा में बहते देखते रहे।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने रातभर गहन तलाशी अभियान चलाया और अंत में तीनों शव बरामद कर लिए।
इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में पांच दिनों तक व्यापक बारिश की भविष्यवाणी की थी और कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी किए थे। इस महीने पहले एक दिन में राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 13 लोगों की मौत हो गई थी और 10 घायल हुए थे।
राज्य आपातकालीन नियंत्रण कक्ष के अनुसार भारी बारिश से करीब 100 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि बाढ़ जैसी स्थिति से प्रभावित सैकड़ों परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।