'विजय अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं', थलापति को PM बनाने की मांग पर पलानीस्वामी का तंज
AIADMK के जनरल सेक्रेटरी पलानीस्वामी ने विजय को प्रधानमंत्री बनाने की मांग पर तंज कसते हुए कहा कि वह अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं।

विजय को पीएम बनाने की मांग पर पलानीस्वामी का तीखा तंज

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। AIADMK के जनरल सेक्रेटरी और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के. पलानीस्वामी सीएम विजय को प्रधानमंत्री बनाने की मांग पर तीखा तंज कसा है।
विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम के अंदर उन्हें प्रधानमंत्री पद का दावेदार बनाने की उठ रही मांग पर कटाक्ष करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि विजय चाहें तो अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं।
'डोनल्ड ट्रंप की जगह ले सकते हैं विजय'
पलानीस्वामी ने तंज कसते हुए कहा, वह अमेरिका के राष्ट्रपति भी बन सकते हैं और डोनल्ड ट्रंप की जगह ले सकते हैं। इसमें कुछ गलत नहीं है, यह उनकी अपनी इच्छा है। वह भारत के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री भी बन सकते हैं।
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आगे कहा, वे यहां सोशल मीडिया पर रील्स डालकर सरकार चला रहे हैं, लेकिन केंद्र या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसा नहीं चलेगा।
साथ ही पलानीस्वामी ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और पिछले 110 दिनों में हत्या, डकैती और हिंसा की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं।
पार्टी के अंदर से उठी PM बनाने की मांग
इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई जब टीवीके के नेता आधव अर्जुन और सरथकुमार ने खुले तौर पर विजय को प्रधानमंत्री के लिए आगे बढ़ाने की बात कही। इसके साथ ही तूतीकोरिन में विजय को प्रधानमंत्री बनाने के समर्थन में पोस्टर भी लगाए गए, जिससे राजनीतिक गलियारों और टीवीके से सहयोगी दलों में हलचल मच गई।
हालांकि, खुद विजय ने अब तक इस पूरे मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है और चुप्पी बनाए रखी है।
सहयोगी दलों में चिंता
विजय को प्रधानमंत्री बनाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने विजय को पीएम बनाने की मांग को खारिज करते हुए इसे महज फैन क्लब वाली सोच करार दिया।
वहीं कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर टीवीके राहुल गांधी को पीएम पद के चेहरे के रूप में स्वीकार नहीं करती है, तो कांग्रेस कोटे के मंत्री राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देंगे।
वहीं टीवीके के सहयोगी दल MDMK के प्रमुख वाइको ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि विजय के मन में खुद ऐसा कोई विचार आया होगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि नेताओं को सार्वजनिक रूप से ऐसे बयान देने से बचना चाहिए, जिससे गठबंधन के भीतर अनावश्यक विवाद पैदा हो।
